“न्यूटाउन में ‘अग्नि कप’ का धमाका: मंत्री अग्निमित्रा पाल ने किया उद्घाटन, 16 टीमों के बीच फुटबॉल का रोमांच”
बर्नपुर, 27 जून 2026। स्थानीय युवाओं के जज्बे से न्यूटाउन का मैदान रविवार को फुटबॉल के रंग में रंग गया। यहां स्थानीय युवाओं द्वारा गठित “टाउन वॉरियर्स” ने आसनसोल दक्षिण की विधायक और राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल के नाम पर ‘अग्नि कप’ फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया।
किक मारकर शुरू किया टूर्नामेंट:
उद्घाटन के लिए मैदान पहुंची मंत्री अग्निमित्रा पाल ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर हौसला बढ़ाया और खुद फुटबॉल में किक मारकर टूर्नामेंट की शुरुआत की। मैदान पर 16 टीमों ने हिस्सा लिया है, जो अगले कुछ दिनों तक ट्रॉफी के लिए भिड़ेंगी।
“ये मेरा जन्मस्थान है”: भावुक हुईं अग्निमित्रा
टूर्नामेंट का नाम अपने नाम पर रखे जाने पर मंत्री भावुक हो गईं। उन्होंने कहा, _”न्यूटाउन मेरी जन्मभूमि है। बचपन में मैं यहां नंबर-2 मैदान में आती थी, पर फुटबॉल खेल नहीं पाती थी। आज मेरे नाम पर 16 टीमों का टूर्नामेंट हो रहा है, ये मेरे लिए गर्व की बात है।”_
हंसते हुए उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने आयोजकों से नाम न रखने की रिक्वेस्ट की थी, पर “किसी ने मेरी एक न सुनी”।
खेल इंफ्रास्ट्रक्चर पर दिया जोर:
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सोच है कि हर जिले में एक आधुनिक स्टेडियम बने, जहां खिलाड़ियों को वर्ल्ड क्लास सुविधाएं मिलें। उन्होंने मौजूदा फुटबॉल विश्व कप का जिक्र करते हुए अफसोस जताया कि 140 करोड़ की आबादी वाला भारत अब तक उस मंच पर नहीं पहुंच पाया है। _”ये हमारे लिए शर्म की बात है। अब समय आ गया है कि हम जमीनी स्तर पर खेल को बदलें और भारत को भी विश्व कप में देखें,”_ उन्होंने कहा।
मेसी के कोलकाता दौरे पर तंज:
कोलकाता में लियोनेल मेसी के आगमन को लेकर बने क्रेज पर भी उन्होंने चुटकी ली। मंत्री ने कहा, _”लोग मेसी को देखने कोलकाता आए थे, पर उन्हें टीएमसी नेताओं का चेहरा देखकर ही संतोष करना पड़ा। फुटबॉल फैंस का सपना अधूरा रह गया।”_
आयोजकों का कहना है कि ‘अग्नि कप’ का मकसद न्यूटाउन के युवाओं को खेल से जोड़ना और फुटबॉल के प्रति जुनून पैदा करना है।
