“जामुड़िया में सियासी भूचाल: TMC के पूर्व विधायक के बेटे प्रेमपाल सिंह के दफ्तर पर पुलिस का बड़ा छापा”
जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा इलाके में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब पुलिस ने पूर्व तृणमूल विधायक हरेराम सिंह के बेटे प्रेमपाल सिंह के बहुला स्थित ऑफिस पर अचानक दबिश दी।
पुलिस का भारी दल, कई थाने शामिल:
सूत्रों के मुताबिक जामुड़िया थाने की टीम भारी पुलिस फोर्स के साथ बहुला पहुंची और प्रेमपाल सिंह के कार्यालय को घेर लिया। छापेमारी की गंभीरता इस बात से समझी जा सकती है कि इसमें सिर्फ एक थाना नहीं, बल्कि कई थानों के आला अधिकारी मौजूद थे।
मौके पर रानीगंज-जामुड़िया जोन के सर्कल इंस्पेक्टर मानस दास, अंडाल थाना प्रभारी गोपाल पात्रो और बनबहाल फांडी के आईसी सिरसेंदु दास सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे।
कारण पर चुप्पी, इलाके में चर्चा तेज:
फिलहाल पुलिस प्रशासन ने छापेमारी की वजह को लेकर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा है। पूरा मामला रहस्य बना हुआ है। हालांकि अंदरखाने से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को किसी बड़े मामले में अहम सुराग मिले थे, जिसके बाद आनन-फानन में ये कार्रवाई की गई।
अचानक हुई इस कार्रवाई से जामुड़िया के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल मच गई है। प्रेमपाल सिंह, जामुड़िया के पूर्व विधायक हरेराम सिंह के पुत्र हैं, इसलिए इस छापे को लेकर इलाके में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
पुलिस के अगले कदम और इस छापेमारी के असली कारण का खुलासा होना अभी बाकी है।














