Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

पूर्व रेलवे ने “ईस्टर्न रेलवे इज़ वॉचिंग यू” अभियान का भव्य शुभारंभ किया : स्टेशनों पर गंदगी फैलाने और थूकने के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता नीति

हावड़ा, 4 जुलाई 2026। स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूर्व रेलवे ने आज हावड़ा रेलवे स्टेशन पर आयोजित एक भव्य समारोह में अपने व्यापक स्वच्छता जागरूकता अभियान के दूसरे चरण “ईस्टर्न रेलवे इज़ वॉचिंग यू” का औपचारिक शुभारंभ किया। यह अभियान इस वर्ष अप्रैल में प्रारंभ किया गया था और आज का यह कार्यक्रम पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर के गतिशील नेतृत्व में अभियान के नए चरण की शुरुआत का प्रतीक है। इस चरण में रेलवे परिसरों में गंदगी फैलाने और थूकने के विरुद्ध जीरो शून्य सहिष्णुता नीति अपनाई गई है।

इस अभियान का मूल संदेश है कि रेलवे परिसर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए पूर्व रेलवे हर समय सतर्क है और परिसर की निरंतर निगरानी की जा रही है। क्लोज़्ड सर्किट टेलीविज़न (सीसीटीवी) कैमरों के व्यापक नेटवर्क तथा रेलवे कर्मचारियों की सक्रिय निगरानी के माध्यम से यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति गंदगी फैलाते या थूकते हुए पाया जाता है, तो उस पर तत्काल मौके पर ही जुर्माना लगाया जाएगा। जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूर्व रेलवे ने एक अभिनव पहल भी शुरू की है। यदि कोई रेल यात्री किसी व्यक्ति को गंदगी फैलाते या थूकते हुए देखता है, तो वह उसकी तस्वीर लेकर स्थान का विवरण सहित व्हाट्सऐप नंबर 9002022780 पर भेज सकता है। इसके आधार पर पूर्व रेलवे संबंधित व्यक्ति की पहचान कर उस पर मौके पर ही जुर्माना लगाएगा। साथ ही, सूचना देने वाले यात्री को “कैप्टन क्लीन” की उपाधि प्रदान करते हुए पूर्व रेलवे की ओर से प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा प्रस्तुत प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक से हुई, जिसने स्वच्छता का संदेश प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुँचाया। इसके पश्चात महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर ने स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया तथा यात्रियों से सीधे संवाद कर उन्हें अभियान की जानकारी दी और स्वच्छता बनाए रखने में उनके सहयोग का आह्वान किया। इसके बाद उन्होंने अभियान के शुभारंभ के प्रतीक स्वरूप प्रमाण-पत्र पर हस्ताक्षर कर उसका अनावरण किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक  मिलिंद देऊस्कर, हावड़ा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक  विशाल कपूर, पूर्व रेलवे के उप महाप्रबंधक (सामान्य), मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझि, मुख्यालय के प्रधान विभागाध्यक्ष (पीएचओडी) तथा विभिन्न मंडलों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। समारोह के दौरान स्वच्छता अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत आयोजित “30 मिनट चैलेंज” में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मंडलों को सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता में सियालदह मंडल को विजेता तथा हावड़ा मंडल को उपविजेता ट्रॉफी महाप्रबंधक के कर-कमलों से प्रदान की गई।

अपने संबोधन में महाप्रबंधक  मिलिंद देऊस्कर ने कहा कि पूर्व रेलवे स्वच्छ एवं बेहतर स्टेशन वातावरण के माध्यम से यात्रियों के यात्रा अनुभव को और उत्कृष्ट बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस डिजिटल रिपोर्टिंग प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता अभियान का सक्रिय भागीदार बनाया जा रहा है तथा सभी मंडलों में जवाबदेही की संस्कृति विकसित की जा रही है, ताकि स्वच्छता केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि दैनिक आदत बन सके।

कार्यक्रम के समापन पर मुख्य जनसंपर्क अधिकारी  शिबराम माझि ने कहा कि यह अभियान केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पूर्व रेलवे हमेशा जन-जागरूकता के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। उन्होंने सभी यात्रियों से अपील की कि वे “कैप्टन क्लीन” बनकर इस अभियान से जुड़ें और रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में अपना सक्रिय योगदान दें।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *