Recent Posts

Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

“आसनसोल आनंदम को मिला नया सारथी: प्रसिद्ध चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉ. अशोक राय बने अध्यक्ष, दिव्यांग बच्चों के सपनों को देंगे नई उड़ान”

आसनसोल।  शहर की जानी-मानी सामाजिक संस्था ‘आनंदम’ को नया नेतृत्व मिल गया है। आसनसोल के प्रसिद्ध चाइल्ड स्पेशलिस्ट और मंत्री अग्निमित्रा पाल के पिता डॉ. अशोक राय को आनंदम की कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

आज आनंदम परिसर में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई। अगले 2 साल तक डॉ. अशोक राय के नेतृत्व में संस्था दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के अपने मिशन को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी।

कौन-कौन रहा मौजूद
इस मौके पर संस्था से दशकों से जुड़े उपाध्यक्ष और विशिष्ट उद्योगपति-शिक्षाविद एचएन मिश्रा, पिछले 10 साल से भी ज्यादा समय सेक्रेटरी की भूमिका निभा रहे सोमनाथ बनर्जी, विशिष्ट उद्योगपति सह समाजसेवी दीपक रुद्र, एसके मागो समेत आनंदम के तमाम पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

35 साल से कर रही है सेवा
आनंदम के सेक्रेटरी सोमनाथ बनर्जी ने बताया कि 1992 से चल रही यह संस्था सिर्फ आसनसोल ही नहीं, बल्कि आसपास के शहरों, दूसरे जिलों और यहां तक कि दूसरे राज्यों से आए दिव्यांग बच्चों को प्रशिक्षण दे रही है।

फिलहाल यहां 150 बच्चे विशेष प्रशिक्षण ले रहे हैं। 35 सालों से जुड़े अनुभवी प्रशिक्षकों की टीम इन बच्चों को धैर्य के साथ वो हुनर सिखाती है, जिससे वे अपनी प्रतिभा के दम पर आत्मनिर्भर और स्वाभाविक जीवन जी सकें।

डॉ. अशोक राय से क्या उम्मीदें
सोमनाथ बनर्जी ने डॉ. अशोक राय के अध्यक्ष बनने पर खुशी जताते हुए कहा कि एक चाइल्ड स्पेशलिस्ट होने के नाते वे बच्चों की मानसिकता को बखूबी समझते हैं। उनके मार्गदर्शन से आनंदम में प्रशिक्षण ले रहे बच्चों की खास जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा किया जा सकेगा और उन्हें समाज में सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि आनंदम के इन बच्चों के प्रति सहानुभूति नहीं, सहयोग का हाथ बढ़ाएं। पिछले 35 सालों से संस्था को एच. एन. मिश्र जैसे समाजसेवियों का निरंतर सहयोग मिलता रहा है, जो बच्चों की हर छोटी-बड़ी जरूरत पूरी करने में तत्पर रहते हैं।

नए अध्यक्ष डॉ. अशोक राय के नेतृत्व में अब आनंदम का सफर और प्रेरणादायी होने की उम्मीद है।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *