“आंधी-बारिश भी रोक नहीं पाएगी: 21 जुलाई को शहीद मीनार पर कांग्रेस की हुंकार, शुभंकर सरकार का कार्यकर्ताओं को ऐलान”
“पश्चिम बर्दवान से 9 हजार की भीड़ चाहिए”, दुर्गापुर की तैयारी सभा में दिया कड़ा संदेश
दुर्गापुर। कांग्रेस ने 21 जुलाई को कोलकाता के शहीद मीनार मैदान में होने वाली महासभा को लेकर कमर कस ली है। पार्टी इसे अपने पुनरुत्थान का मंच बनाने जा रही है। मंगलवार को दुर्गापुर के इस्पात नगर स्थित नेताजी भवन में “शहीद मीनार चलो” तैयारी सभा में प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दिया – कोई भी बाधा इस रैली को रोक नहीं सकती।
“खुले आसमान के नीचे होगी सभा, कोई रद्द नहीं करेगा”
शुभंकर सरकार ने कहा कि 21 जुलाई की सभा कांग्रेस के लिए बेहद अहम है। ये सभा खुले आसमान के नीचे होगी और चाहे आंधी आए, बारिश हो या कोई और बाधा – कार्यक्रम टलेगा नहीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा, “कितनी भी आंधी-बारिश या रुकावटें आएं, एक भी कार्यकर्ता मैदान छोड़कर नहीं जाएगा। हम पीछे नहीं हटेंगे।”
पश्चिम बर्दवान को टारगेट
जिला संगठन को सख्त निर्देश देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “पश्चिम बर्दवान से कम से कम 9 हजार लोग शहीद मीनार पहुंचें। एक भी संख्या कम नहीं होनी चाहिए। इसकी जिम्मेदारी आप सबकी है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि देश और राज्य को बचाने के लिए कांग्रेस को मजबूत करना जरूरी है। जनता का साथ मिल रहा है और आंदोलन लगातार ताकत पकड़ रहा है।
नियमों के साथ होगी रैली
सभा की अनुमति पर शुभंकर सरकार ने बताया कि शहीद मीनार मैदान के लिए काफी पहले आवेदन दे दिया गया था और मंजूरी मिल चुकी है। रैली कई रास्तों से सभा स्थल पहुंचेगी। धारा 163 में शिथिलता की मांग भी की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस की सभा किसी सड़क को जाम करके नहीं, बल्कि नियमों का पालन करते हुए होगी।
भाजपा पर हमला
बीजेपी की नीतियों को घेरते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र की जनविरोधी नीतियों और कामों के खिलाफ कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा और 21 जुलाई की सभा से इसका आगाज होगा।















