Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

“अग्निमित्रा पाल का बड़ा ऐलान: आसनसोल के 106 वार्डों के लिए सीधी हेल्पलाइन, कचरा फैलाने पर 1 सितंबर से कटेगा चालान”

नगर निगम पहुंचीं मंत्री, फोन पर सुनीं जनता की शिकायतें। शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए बाजारों में लगेंगी कपड़े के झोले की वेंडिंग मशीन

आसनसोल, 9 जुलाई 2026। पश्चिम बंगाल की अर्बन डेवलपमेंट और म्युनिसिपल अफेयर्स मंत्री अग्निमित्रा पाल बुधवार को आसनसोल नगर निगम पहुंचीं। यहां उन्होंने शहर के सभी 106 वार्डों की समस्याओं को सीधे सुनने के लिए एक विशेष फोन लाइन सेवा की शुरुआत की।

फोन उठाते ही हुआ समाधान
मंत्री के पहुंचते ही 106 वार्डों के निवासियों ने फोन कर अपनी-अपनी परेशानियां बताईं। सड़क, पानी, नाली और सफाई से जुड़ी जिन शिकायतों का निपटारा तुरंत हो सकता था, उन्हें मंत्री ने अधिकारियों से बात कर मौके पर ही हल करवाया।
जिन मुद्दों में समय लगेगा, उनके लिए संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए गए। इस दौरान जिला शासक, निगमायुक्त भी मौजूद थी।

मंत्री ने कहा, “मैं आगे भी ऐसे फोन-इन प्रोग्राम करती रहूंगी ताकि हर वार्ड की समस्या सीधे मुझ तक पहुंचे और उसका समाधान हो।”

1 सितंबर से कचरा फेंकना पड़ेगा महंगा
शहर को साफ रखने पर जोर देते हुए मंत्री ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि नगर निगम के ‘निर्मल बंधु’ जो रोज घर-घर से कचरा लेने आते हैं, उन्हें ही कचरा दें। सड़क या खाली प्लॉट में कचरा न फेंकें।

अग्निमित्रा पाल ने साफ कहा कि 1 सितंबर 2026 से नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना लगेगा:
– हाउसिंग कॉम्प्लेक्स/मल्टी स्टोरी बिल्डिंग के सामने कचरा मिलने पर पूरी कमेटी पर जुर्माना।
– व्यक्तिगत घर के सामने गंदगी मिलने पर मकान मालिक पर सीधी कार्रवाई।

बाजार होंगे प्लास्टिक मुक्त, लगेंगी वेंडिंग मशीन
बाजारों को साफ-सुथरा रखने के लिए नई पहल भी शुरू की जाएगी। मंत्री ने बताया कि बाजार क्षेत्रों में वेंडिंग मशीनें लगाई जाएंगी। इन मशीनों में कुछ रुपए डालने पर लोगों को कपड़े का झोला और कॉटन मिलेगा। इसका उद्देश्य एकल-उपयोग प्लास्टिक पर पूरी तरह रोक लगाना है।

मंत्री ने अंत में कहा कि आसनसोल को एक स्वच्छ और सुंदर शहर बनाना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें जनता का सहयोग बेहद जरूरी है।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *