जामुड़िया में जिला परिषद के अध्यक्ष के घर पर ग्रामीणों का हंगामा: बेटे पर युवती से दुव्र्यवहार और धमकी का आरोप, जमकर तोड़फोड़
पश्चिम बर्दवान के चपोई में बवाल, दरवाजा तोड़कर की नारेबाजी, पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू
जामुड़िया, 9 जुलाई 2026। पश्चिम बर्दवान जिले में मंगलवार रात जमकर बवाल हुआ। जमुड़िया के चपोई इलाके में स्थित पश्चिम बर्दवान जिला परिषद के अध्यक्ष विश्वनाथ बाउरी के आवास पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और जमकर प्रदर्शन किया।
बेटे ने किया दुव्र्यवहार ग्रामीणों का गंभीर आरोप
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि विश्वनाथ बाउरी के बेटे पवित्र बाउरी ने अपने पिता के राजनीतिक प्रभाव का फायदा उठाकर एक युवती के साथ अनुचित संबंध बनाए। आरोप है कि इसके बाद युवती के साथ मारपीट की गई और उसे धमकाया भी गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने विश्वनाथ बाउरी और उनके बेटे पवित्र बाउरी के खिलाफ नारेबाजी की। गुस्से में लोगों ने घर का बंद दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की और आवास में तोड़फोड़ भी की।
पुलिस ने लिया नियंत्रण में, बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना की सूचना मिलते ही जामुड़िया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शनकारियों को शांत कराया और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी।
स्थानीय लोगों ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सभी संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अभी तक आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति है और पुलिस की नजर बनी हुई है।















