“जीटी रोड को जाम-मुक्त करने के लिए SBFCI का 10 सूत्री प्रस्ताव: वन-वे, फायर लेन और पार्किंग पर सख्ती की मांग”
SBFCI महासचिव बागड़ी ने मंत्री अग्निमित्रा पाल से की मुलाकात, मंदिरों तक वाहन सुविधा और सरकारी जमीन की जांच की भी उठी मांग
आसनसोल, 9 जुलाई 2026। आसनसोल को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने और शहर को व्यवस्थित करने के लिए SBFCI के महासचिव जगदीश बागड़ी ने गुरुवार को राज्य के नगर उन्नयन एवं नगर सेवा मंत्री अग्निमित्रा पाल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मंत्री को शहर की समस्याओं को लेकर 10 सूत्री मांग पत्र सौंपा।
जीटी रोड और मुख्य सड़कों को वन-वे करने का प्रस्ताव
बागड़ी ने कहा कि शहर की जाम की सबसे बड़ी वजह सड़कों पर अव्यवस्था है। इसके समाधान के लिए उन्होंने प्रस्ताव दिया कि सिलिकेट फैक्ट्री रोड, एसपी मुखर्जी रोड, नूरुद्दीन रोड, गोधूली रोड, थाना रोड, बस्तिन बाजार और हटन रोड को वन-वे किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि श्याम मंदिर और बस्तिन बाजार दुर्गा मंदिर तक श्रद्धालुओं के लिए वाहन जाने की सुविधा बहाल की जाए।
अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर कड़ी कार्रवाई की मांग
मांग पत्र में अन्य प्रमुख बिंदु ये रहे:
1. आसनसोल साउथ थाना परिसर से जब्त वाहनों को तुरंत हटाया जाए।
2. दमकल स्टेशन से हटन मोड़ तक फायर लेन बनाई जाए।
3. एसबी गोराई रोड से अतिक्रमण हटाया जाए।
4. नगर निगम कार्यालय के सामने से टोटो पार्किंग बंद की जाए।
5. धादक रोड को अतिक्रमण मुक्त किया जाए ताकि ADDA स्थित 30,000 स्कूली छात्रों को जीटी रोड का इस्तेमाल न करना पड़े।
6. सभी फूल विक्रेताओं को मुंशी बाजार के सामने से हटाकर लोको ग्राउंड के पास शिफ्ट किया जाए।
7. जिन पार्किंग ठेकेदारों का लाइसेंस खत्म हो चुका है, उनके द्वारा अवैध रूप से दी जा रही दैनिक/मासिक पार्किंग को बंद कर अवैध ढांचों को हटाया जाए।
8. शहर की कई छोटी गलियों में सिर्फ एक तरफ ही बाइक/स्कूटी पार्किंग की अनुमति हो।
सरकारी जमीन के पट्टों की जांच की मांग
बागड़ी ने मंत्री से वाम मोर्चा सरकार और हाल ही में निलंबित TMC बोर्ड द्वारा *सरकारी जमीन और सरकारी भवनों को अवैध तरीके से लॉन्ग टर्म लीज* पर दिए गए सभी अनुबंधों की जांच कराने की भी मांग की।
SBFCI ने इस मांग पत्र की प्रति जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर और ADDA को भी भेजी है।
मंत्री अग्निमित्रा पाल ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुनने और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।















