Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

गद्दार विवाद पर बवाल! कल्याण के बयान पर अग्निमित्रा ने मलय घटक को घसीटकर किया पलटवार

आसनसोल। ‘गद्दार’ शब्द को लेकर आसनसोल की सियासत में एक बार फिर गर्मी बढ़ गई है। 21 जुलाई शहीद दिवस की तैयारी बैठक में तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी ने दल बदलुओं पर कड़ा हमला किया। इसके जवाब में राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने पूर्व मंत्री मलय घटक का नाम घसीटते हुए सियासी वार और तेज कर दिया।

कल्याण बनर्जी का हमला
शनिवार को आसनसोल में हुई तैयारी बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए कल्याण बनर्जी ने कहा,
“कुछ गद्दार चले गए हैं, उससे पार्टी का कुछ नहीं जाता।”
उन्होंने दावा किया कि कुछ नेता पार्टी छोड़कर चले गए हैं, फिर भी आसनसोल में तृणमूल का संगठन मजबूत है।
उन्होंने कहा, “आज की बैठक में मलय घटक, तापस बनर्जी, दासु, हरेराम सिंह समेत कई लोग मौजूद थे। 2029 के चुनाव में आसनसोल अनुमंडल से भाजपा धुल-मिट जाएगी।”

अग्निमित्रा का पलटवार
कल्याण के इस बयान पर भाजपा नेत्री अग्निमित्रा पाल ने कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि तृणमूल दूसरों को ‘गद्दार’ बता रही है, जबकि उनके अपने दल से ही कई बड़े नेता दूसरे दलों में चले गए हैं।

अग्निमित्रा ने मलय घटक के भाई अभिजीत घटक और नरेन चक्रवर्ती समेत कई नेताओं का नाम लेते हुए सवाल किया,
“तो क्या उन्हें भी गद्दार कहा जाएगा?”

यहीं नहीं रुकते हुए उन्होंने और तंज कसा,
“पास में पूर्व मंत्री मलय घटक को बैठाकर ‘गद्दार’ की बात कर रहे हैं। फिर उन्हें क्या कहेंगे?”
साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 सालों में तृणमूल ने बंगाल की जनता से एक के बाद एक वादे तोड़े हैं। इसलिए दूसरों को विश्वासघाती कहने से पहले खुद के राजनीतिक अतीत का मूल्यांकन करना चाहिए।

सियासी गलियारों में चर्चा तेज
राज्य की राजनीति में कालीघाट गुट और ऋतव्रत गुट के बीच खींचतान के बीच ‘गद्दार’ विवाद में मोलॉय घटक का नाम आने से आसनसोल के राजनीतिक हलकों में नई अटकलें शुरू हो गई हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में यह जुबानी जंग और तेज होगी।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *