“संस्कार ही महिला की असली पहचान: आसनसोल में ‘पधारो म्हारो देश’ कार्यक्रम में बोलीं राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा राठी”
आसनसोल । अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की आसनसोल मारवाड़ी महिला समिति द्वारा बुधवार को आसनसोल क्लब में भव्य “पधारो म्हारो देश” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के साथ-साथ महिलाओं में सामाजिक और पारिवारिक संस्कारों के महत्व को बढ़ावा देना था।
राष्ट्रीय अध्यक्ष का हुआ भव्य स्वागत
कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा राठी के आसनसोल आगमन पर विशेष स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर आसनसोल, नियामतपुर, कुल्टी और बराकर की चारों मारवाड़ी महिला समितियों की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक गणेश वंदना, राजस्थानी नृत्य-गीत और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। पूरे हॉल में राजस्थानी संस्कृति की झलक देखने को मिली।
“बच्चों में डालें संस्कार, यही है असली धरोहर”
मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा राठी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “आज के दौर में सबसे बड़ी पूंजी संस्कार है। संस्कार ही महिला को समाज में सम्मान दिलाते हैं और परिवार को जोड़कर रखते हैं।”
उन्होंने कहा कि आज माता-पिता बच्चों को उच्च शिक्षा तो दिलाते हैं, लेकिन संस्कार सिखाना भूल जाते हैं। “मां का सबसे पहला कर्तव्य है कि वह अपने बच्चों में अच्छे संस्कार डाले। शिक्षित होने के साथ-साथ संस्कारित होना भी जरूरी है। तभी हमारा समाज मजबूत बनेगा।”
परिवार बचाने का दिया मंत्र
रेखा राठी ने महिलाओं को पारिवारिक जीवन के बारे में भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा “शादी के बाद पति-पत्नी के विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन जब दो विचार मिलकर एक साथ चलते हैं तभी परिवार बनता है। अगर कभी कोई गलती हो जाए तो झुक जाना चाहिए। झुकना कमजोरी नहीं, शान है। इसी झुकने से परिवार टूटने से बचता है।”
पदाधिकारियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सम्मेलन की वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहीं। इसमें शामिल थीं:
मुख्य अतिथि: राष्ट्रीय सचिव बबीता बगड़िया
प्रांतीय अध्यक्ष: रश्मि सतनालिका
प्रांतीय सचिव: रीना खेतान
राष्ट्रीय तकनीकी प्रमुख: मधु डुमरेवाल
आसनसोल प्रांतीय जोन-1 प्रमुख: निधि पसारी
प्रांतीय सह कोषाध्यक्ष: निर्मला गुटगुटिया
प्रांतीय सह संपादक: सोनल गाड़ीवान
स्थानीय समिति से आसनसोल अध्यक्ष रेखा गाड़ीवान, सचिव प्रीति खेमानी, नियामतपुर से पर्यावरण प्रमुख सुनीता सिंघल, नेत्रदान-देहदान प्रमुख सारिका डोकानिया, बराकर से रक्तदान-अंगदान प्रमुख संगीता अग्रवाल और कुल्टी से बाल विकास प्रकल्प प्रमुख साक्षी पोद्दार सहित सैकड़ों महिलाएं उपस्थित थीं।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को शॉल और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।















