अंडाल की विश्वेश्वरी कोलियरी में ड्यूटी के दौरान कर्मी की मौत, इलाके में शोक की लहर
अंडाल। ईसीएल की विश्वेश्वरी कोलियरी में शनिवार सुबह एक बार फिर हादसे जैसी घटना से हड़कंप मच गया। ड्यूटी के दौरान 38 वर्षीय खदान कर्मी शिवकुमार की अचानक मौत हो गई।
काम खत्म कर बैठे थे, तभी बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार शिवकुमार शनिवार सुबह करीब 7 बजे रोज़ की तरह ड्यूटी पर पहुंचे थे। खदान के अंदर अपना काम पूरा करने के बाद वह साथी कर्मचारियों के साथ बैठे हुए थे। इसी बीच अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़े।
साथी कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें विश्वेश्वरी प्राथमिक चिकित्सा केंद्र पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें *मृत घोषित* कर दिया।
परिवार में मातम, जांच शुरू
अचानक हुई इस घटना से शिवकुमार के परिवार में कोहराम मच गया।
ईसीएल कर्मचारी रामचरण कुमार ने बताया कि “हमें सूचना मिली कि शिवकुमार की तबीयत अचानक खराब हो गई है। उन्हें तुरंत बाहर लाकर इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा।”_
सूचना मिलते ही अंडाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिवार को मिलेगा मुआवजा और नौकरी
ईसीएल सूत्रों के अनुसार कंपनी के नियमों के तहत मृतक के परिजनों को सभी निर्धारित मुआवजा दिया जाएगा। इसके साथ ही परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा के आधार पर नौकरी भी दी जाएगी।















