NIA का दुर्गापुर में सर्च ऑपरेशन: न्यू स्टील पार्क में घेरा एक घर, 3 साल से रह रहे परिवार से पूछताछ
दुर्गापुर । सोमवार की सुबह दुर्गापुर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब राष्ट्रीय जांच एजेंसी NIA की टीम ने मेन गेट के पास न्यू स्टील पार्क इलाके में एक घर पर अचानक दबिश दी। एजेंसी के अधिकारियों ने घर को चारों तरफ से घेरकर कई घंटों तक गहन तलाशी ली।
3 साल से इलाके में रह रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक घर में गोलाम जामा उर्फ गोलाम राजा अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ बीते करीब 3 सालों से रह रहे थे। वह मूल रूप से कहां के रहने वाले हैं, इसको लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।
सुबह-सुबह हुई कार्रवाई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 7 बजे NIA की दो अलग-अलग टीमें कुल 6 अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचीं। टीम ने आते ही पूरे घर को अपने कब्जे में ले लिया। सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके में घेराबंदी कर दी गई और स्थानीय लोगों को घर के पास जाने की अनुमति नहीं दी गई।
क्या बरामद हुआ, एजेंसी ने रखी चुप्पी
छापेमारी के दौरान क्या मिला और यह कार्रवाई किस केस से जुड़ी है, इस पर NIA ने अब तक कोई बयान जारी नहीं किया है। एजेंसी के अधिकारी जांच के हित में चुप्पी साधे हुए हैं।
सूत्रों का मानना है कि जरूरी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खंगाले जा सकते हैं। तलाशी पूरी होने के बाद ही मामले का खुलासा संभव है।
घटना के बाद इलाके में तनाव
NIA की इस कार्रवाई की खबर फैलते ही न्यू स्टील पार्क में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर मौजूद रहा और स्थिति पर नजर रखी।
एक रिहायशी इलाके में केंद्रीय एजेंसी की इस कार्रवाई से लोग काफी हैरान हैं। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।















