बीरभूम में पुलिस की बड़ी छापेमारी: मोहम्मदबाजार में 5 करोड़ कैश और 22 करोड़ का सोना बरामद, अवैध कारोबार के तार खंगाले
बीरभूम। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के मोहम्मदबाजार क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया। पुलिस और जांच एजेंसियों ने एक कारोबारी समूह से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
सूत्रों के अनुसार छापेमारी के दौरान 5 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी और लगभग 22 करोड़ रुपये मूल्य का सोना बरामद किया गया है। बरामदगी के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
देउचा में भी मारा छापा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, टीम ने देउचा क्षेत्र में पत्थर कारोबारी टुलु मंडल के रिश्तेदार मिनार मंडल के घर पर भी दबिश दी। यहां से भी बड़ी मात्रा में कैश और सोना मिलने की बात सामने आ रही है।
हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस ने आधिकारिक तौर पर बरामदगी की पुष्टि नहीं की है।
नोट गिनने की मशीनें लगानी पड़ीं
पुलिस ने कारोबारी प्रतिष्ठानों और आवासीय परिसरों की गहन तलाशी ली। इस दौरान भारी मात्रा में नकदी, सोने के बिस्किट और आभूषण मिले। इतनी ज्यादा नकदी थी कि गिनती के लिए नोट गिनने की मशीनें मंगवानी पड़ीं। वहीं सोने की शुद्धता जांचने के लिए ज्वेलरी एक्सपर्ट को भी बुलाया गया।
अवैध कारोबार के कनेक्शन की जांच
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुलिस अवैध खनन, रियल एस्टेट और हवाला कारोबार से जुड़े वित्तीय लेन-देन के तार खंगाल रही है। छापेमारी में मिले दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और हार्ड डिस्क को भी जब्त कर जांच की जा रही है।
राजनीतिक हलकों में हलचल
इस बड़ी बरामदगी के बाद बीरभूम की राजनीति में भी चर्चा तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।














