Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

“अधिक ब्याज के झांसे में फंसी कुल्टी की महिला, 3.10 लाख की ठगी – कंपनी ने लोन का बोझ भी डाल दिया”

कुल्टी । “ज्यादा ब्याज कमाओ” का लालच देकर एक निजी कंपनी पर ठगी का गंभीर आरोप लगा है। कुल्टी थाना क्षेत्र के साकतोरिया निवासी इसरात जहां नामक महिला से करीब 3 लाख 10 हजार रुपये का निवेश कराकर धोखाधड़ी की गई। आरोप है कि वादे के मुताबिक न तो ब्याज दिया गया और न ही मूल रकम लौटाई गई।

लोन का बोझ भी डाल दिया
पीड़ित महिला ने सोमवार को बताया कि उन्हें कंपनी के एजेंटों ने मोटे मुनाफे और ऊंचे ब्याज का झांसा देकर निवेश के लिए राजी किया था।

“कहा गया था कि कंपनी के ऑफिस कोलकाता और दुर्गापुर में हैं। रकम कम है इसलिए ऑफिस आने की जरूरत नहीं है। भरोसा करके पैसे दे दिए। बाद में मेरे नाम पर मोबाइल फोन खरीदने के लिए लोन भी करवा दिया गया। अब न ब्याज मिल रहा है न फोन की किस्त भरने के पैसे” – इसरात जहां ने कहा।

थाने और साइबर सेल में शिकायत दर्ज
ठगी का पता चलने के बाद पीड़िता ने कुल्टी थाना और साइबर थाना में आरोपी व्यक्ति और संबंधित कंपनी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

घटना के बाद पूरे इलाके में इस मामले को लेकर चर्चा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि इस तरह के फर्जी निवेश ऑफर से सावधान रहें।

पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शिकायत में जिस कंपनी का जिक्र है उसका कार्यालय रानीगंज क्षेत्र में बताया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वित्तीय लेन-देन, कंपनी के दस्तावेज और आरोपों की सत्यता खंगाली जा रही है।

कुल्टी थाना के एक अधिकारी ने कहा, “मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। अगर आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

पुलिस की अपील: बिना RBI रजिस्ट्रेशन वाली किसी भी कंपनी में निवेश से पहले पूरी जानकारी लें और किसी के दबाव में आकर पैसा न दें।

 

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *