“आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस की बड़ी सफलता: झारखंड से चल रहा था अंतरराज्यीय गांजा तस्करी रैकेट, मुख्य सप्लायर गिरफ्तार, 230 किलो गांजा जब्त”
आसनसोल । नशे के कारोबार पर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी चोट की है। पुलिस ने झारखंड से संचालित हो रहे एक अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
बुधवार को पुलिस ने इस नेटवर्क के कथित मुख्य सप्लायर कालीपद भंडारी को गिरफ्तार किया। आरोपी झारखंड के जामताड़ा जिले के नाला का रहने वाला है।
122 किलो गांजा बरामद
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कालीपद भंडारी से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने लगभग 122 किलो गांजा जब्त किया।
अब तक 3 गिरफ्तार, 230 किलो गांजा सीज
जांच में सामने आया कि यह पूरा नेटवर्क एक ही गिरोह से जुड़ा है। इसी नेटवर्क से जुड़े 3 अलग-अलग मामलों में पुलिस अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इन सभी मामलों में कुल मिलाकर लगभग 230 किलो गांजा बरामद किया जा चुका है।
नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर इस तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। बहुत जल्द नेटवर्क के बाकी सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इलाके में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।














