आसनसोल: रामकिशन डंगाल में शिव चर्चा के साथ विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी का सम्मान, जितेंद्र तिवारी ने कहा – अब 32 वार्डों में खिलेगा कमल
आसनसोल । वार्ड संख्या 27 स्थित रामकिशन डंगाल में सोमवार को भक्ति और राजनीति का संगम देखने को मिला। पूर्व पार्षद चैताली तिवारी के नेतृत्व में आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसी के साथ क्षेत्र में महा शिव चर्चा का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पांडवेश्वर के विधायक सह पूर्व मेयर जितेंद्र तिवारी, आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, ओम नारायण प्रसाद, दिलीप प्रसाद सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। 
“रामकृष्ण डंगाल ने नहीं किया निराश” – कृष्णेंदु मुखर्जी
सम्मान समारोह में विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने चुनाव के दिनों को याद किया। उन्होंने कहा, “मतगणना के दौरान जब आगे-पीछे चल रहा था, तब कार्यकर्ता पूछ रहे थे क्या होगा। मैंने कहा था चिंता मत करो, रामकृष्ण डंगाल का रुझान आने दो। मुझे भरोसा था कि यहां के लोग भाजपा को निराश नहीं करेंगे।”_
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के आशीर्वाद और समर्थन की बदौलत ही आज वह विधायक बनकर जनता की सेवा कर पा रहे हैं।
“अब आसनसोल नगर निगम में भाजपा का बोर्ड” – जितेंद्र तिवारी
पांडवेश्वर विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि पिछले 5 सालों में इस क्षेत्र की जनता को काफी परेशान किया गया है। लेकिन अब समय बदल रहा है।
उन्होंने दावा किया, “कुछ ही महीनों में कृष्णेंदु मुखर्जी के नेतृत्व में आसनसोल नगर निगम के सभी 32 वार्डों में कमल खिलेगा। आसनसोल नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनेगा। जिन्होंने जनता को सताया है, उसका हिसाब लिया जाएगा।”_
शिव चर्चा से मांगी सुख-शांति
कार्यक्रम के दौरान सामूहिक शिव चर्चा का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई। शिव चर्चा में शामिल होकर लोगों ने भोलेनाथ से आशीर्वाद मांगा।
पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।














