Recent Posts

Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

“आसनसोल: बंद पड़े ब्लैक स्टोन माइंस को चालू करने की मांग तेज, 15,000 श्रमिकों का रोजगार और राज्य का राजस्व दांव पर”

आसनसोल। पश्चिम बर्धवान जिले के आसनसोल अंचल में पिछले कई वर्षों से बंद पड़े ब्लैक स्टोन माइंस उद्योग को पुनः शुरू करने की मांग अब जोर पकड़ रही है। उद्योग जगत और श्रमिक संगठनों ने राज्य सरकार से इस अति महत्वपूर्ण उद्योग को विशेष प्राथमिकता देने की अपील की है।

आसनसोल चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सचिव शम्भु नाथ झा ने इस संबंध में राज्य सरकार को पत्र लिखकर चिंता व्यक्त की है।

15,000 परिवारों पर आजीविका का संकट
श्री झा ने पत्र में कहा कि ब्लैक स्टोन माइंस इस पूरे अंचल का एक महत्वपूर्ण और व्यापक उद्योग है। इससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 15,000 श्रमिक और उनके परिवार जुड़े हुए हैं। पिछली सरकार के समय से माइंस बंद होने के कारण आज हजारों श्रमिकों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। कई परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं।

राज्य को हो रहा राजस्व का नुकसान
उन्होंने बताया कि उद्योग बंद रहने से सिर्फ श्रमिक ही नहीं, बल्कि राज्य सरकार को भी भारी राजस्व हानि हो रही है। आसनसोल और आसपास चल रहे निर्माण कार्य, सेल-आईएसपी का आधुनिकीकरण, रेलवे का विस्तार और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाएं भी इससे प्रभावित हो रही हैं।

सबसे गंभीर बात यह है कि वर्तमान में पड़ोसी राज्य झारखंड से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में ब्लैक स्टोन चिप्स गैरकानूनी तरीके से यहां लाए जा रहे हैं। इससे स्थानीय जरूरतें तो पूरी हो रही हैं, लेकिन इसका आर्थिक लाभ झारखंड को मिल रहा है और पश्चिम बंगाल संभावित राजस्व से वंचित रह जा रहा है।

चेम्बर की मांग: शीघ्र शुरू हों माइंस
शम्भु नाथ झा ने पश्चिम बंगाल सरकार से विनम्र अनुरोध किया है कि ब्लैक स्टोन माइंस उद्योग को विशेष प्राथमिकता दी जाए और आसनसोल अंचल की बंद पड़ी सभी माइंस को आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर जल्द से जल्द पुनः चालू किया जाए।

इससे होंगे ये फायदे
– हजारों श्रमिकों और उनके परिवारों को फिर से रोजगार मिलेगा
– क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी
– राज्य सरकार के राजस्व में सीधी वृद्धि होगी
– आसनसोल अंचल का समग्र आर्थिक और औद्योगिक विकास तेज होगा

आसनसोल चेम्बर ऑफ कॉमर्स को पूर्ण विश्वास है कि राज्य सरकार इस गंभीर विषय पर संवेदनशीलता के साथ विचार करेगी और इस महत्वपूर्ण उद्योग को पुनर्जीवित करने के लिए शीघ्र कदम उठाएगी।

 

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *