देशभक्ति और गर्व के साथ मना आर्य समाज के दोनों स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस, तिरंगा फहराकर, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दी श्रद्धांजलि”
आसनसोल, 15 अगस्त 2026 । आर्य समाज द्वारा संचालित डीएवी और दयानंद विद्यालय में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही उत्साह, देशभक्ति और गर्व के साथ मनाया गया। स्कूल परिसर “वंदे मातरम” और “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा। छात्र, शिक्षक और गणमान्य लोग एक साथ मिलकर इस ऐतिहासिक अवसर को याद किया और देश के लिए प्राण देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
ध्वजारोहण और राष्ट्रगान से हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज के ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद पूरा स्कूल परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। छात्रों और शिक्षकों ने राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए भारत की आजादी के संघर्ष और बलिदानों को याद किया।
विशिष्ट अतिथियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, स्कूल के सचिव जगदीश प्रसाद केडिया, आर्य कन्या बालिका विद्यालय के अध्यक्ष नथमल शर्मा, आसनसोल महाबीर स्थान सेवा समिति के सचिव अरुण शर्मा, उद्योगपति सह समाजसेवी विजय शर्मा सहित स्कूल क शिक्षक प्रभारी, शिक्षक सहित अधिकारी उपस्थित थे।
अतिथियों ने छात्रों को दिया देशभक्ति का संदेश
अपने संबोधन में अतिथि कृष्णेंदु मुखर्जी ने छात्रों से एकता, अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्र सेवा के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और प्रतिभा का सही उपयोग करके युवा एक मजबूत और समृद्ध भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
सचिव जगदीश प्रसाद केडिया ने छात्रों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।
संकल्प के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के अंत में पूरे स्कूल समुदाय ने संविधान के मूल्यों का पालन करने, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का सम्मान करने और उज्ज्वल भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

























