पानागढ़ में रेलवे सुरक्षा में बड़ी सेंध! 1.25 लाख रुपया के सिग्नल सिस्टम का सामान चोरी, टेंपो समेत एक गिरफ्तार
पानागढ़ । रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। रेलवे के सिग्नल और दूरसंचार सिस्टम में इस्तेमाल होने वाला कीमती सामान चोरी कर ले जाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
आरपीएफ ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 23 वर्षीय युवक बिक्रम दास को गिरफ्तार किया है।
कैसे हुआ खुलासा?
आरपीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि गलसी स्टेशन के पास एक टेंपो में रेलवे का सामान ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद गलसी पुलिस और आरपीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नीले रंग के महिंद्रा अल्फा प्लस टेंपो को रोका।
तलाशी के दौरान टेंपो से जो सामान बरामद हुआ, उसे देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।
बरामद सामान:
– 60 रेलवे सिग्नल रिले
– 60 कोर
– कई मीटर लंबा सिग्नल और दूरसंचार केबल
– बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 1.25 लाख रुपया बताई जा रही है।
बड़ा नेटवर्क होने का शक
गिरफ्तार आरोपी बिक्रम दास टेंपो में मौजूद था, लेकिन वह रेलवे के इस संवेदनशील सामान से जुड़ा कोई भी वैध कागज या परमिशन नहीं दिखा पाया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि किसी दूसरे व्यक्ति ने उसे यह सामान गलसी से बर्दवान ले जाने के लिए टेंपो किराए पर दिया था। अब आरपीएफ उस दूसरे व्यक्ति की तलाश में जुट गई है।
आरपीएफ अब इस बात की जांच कर रही है कि रेलवे के इतने संवेदनशील सिस्टम का सामान रेलवे परिसर से बाहर कैसे निकला? क्या इसमें रेलवे के अंदर के किसी व्यक्ति की मिलीभगत है? और इस चोरी के पीछे कितना बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है?
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश तेज कर दी गई है।














