“कुल्टी में दादी के गले से चेन छीनकर भागे थे बदमाश, CCTV बना काल! 8 दिन में पुलिस ने दबोचे दो आरोपी, घर से बरामद हुआ सोने का हार”
कुल्टी । कुल्टी में 72 साल की बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े हुई चेन छिनतई मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। कुल्टी थाना पुलिस ने इस वारदात में शामिल दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लूटा गया सोने का हार भी बरामद कर लिया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान दयामय सिन्हा और बाबलू दास के रूप में हुई है, दोनों हिरापुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों को 20 अगस्त को गिरफ्तार किया था।
CCTV से खुला राज, घर में छिपा रखा था हार
पुलिस के अनुसार, आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 4 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया था। कड़ी पूछताछ में दोनों टूट गए और लूट के माल का राज उगल दिया।
पूछताछ में पता चला कि छीना गया 10 ग्राम का सोने का हार मुख्य आरोपी दयामय सिन्हा ने अपने ही घर में छिपा कर रखा था। पुलिस ने तुरंत उसके घर पर छापा मारकर हार बरामद कर लिया।
क्या था पूरा मामला?
यह वारदात 12 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे की है। कुल्टी के विराजपल्ली (सन्यासी बांध) इलाके में 72 वर्षीय मंजू मित्र अपनी नातिन को स्कूल वैन तक छोड़कर घर लौट रही थीं।
तभी नीली शर्ट पहने एक बदमाश अचानक सामने आया और उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गया। बुजुर्ग महिला कुछ समझ पाती, तब तक आरोपी आंखों से ओझल हो चुका था।
पीड़िता ने तुरंत कुल्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान हुई और उन्हें धर दबोचा गया।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले का मुख्य आरोपी दयामय सिन्हा ही है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि क्या इन दोनों के साथ इस गिरोह में और भी लोग शामिल हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत थी, लेकिन पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।














