Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

“आस्था का सैलाब: आसनसोल महावीर स्थान मंदिर में गूंजे सवालाख हनुमान चालीसा के स्वर, 1.55 लाख पाठ कर महिलाओं ने रचा इतिहास”

आसनसोल । सनातन धर्म और आस्था के प्रतीक आसनसोल महावीर स्थान मंदिर, जी.टी. रोड में पिछले एक महीने से चल रहा भक्ति का महाकुंभ मंगलवार संपन्न हो गया। आसनसोल महावीर स्थान सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित 21वें वार्षिक “सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ” का मंगलवार को भव्य समापन हुआ।
पूरा मंदिर परिसर “जय श्री राम” और “जय हनुमान” के जयकारों से गूंज उठा।

एक महीने तक चला अखंड पाठ, 1.55 लाख बार गूंजी हनुमान चालीसा
समिति के सचिव अरुण शर्मा ने बताया कि बीते 29 जुलाई से शुरू हुआ यह धार्मिक अनुष्ठान पूरे एक महीने तक चला। इस दौरान मंदिर सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए खुला रहा।

सबसे खास बात यह रही कि लक्ष्य सवा लाख का था, लेकिन भक्तों के उत्साह ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। कुल 1,55,223 बार हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इस बार महिलाओं ने पुरुषों से ज्यादा बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी भक्ति का परिचय दिया।

भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु, 26 अगस्त को होगा महायज्ञ
समापन के अवसर पर मंगलवार शाम को भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। प्रसिद्ध स्थानीय भजन गायक मधु शर्मा, विक्रम शर्मा और अनिल संगल ने अपने मधुर भजनों से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में लीन रहे।

अब आगामी 26 अगस्त, बुधवार सुबह 8 बजे मंदिर परिसर में विशाल महायज्ञ और हवन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

137 साल पुराना है आस्था का यह केंद्र
अरुण शर्मा ने बताया कि जी.टी. रोड, बड़ा पोस्ट ऑफिस के पास स्थित यह महावीर स्थान मंदिर अपने निर्माण के 137 वर्ष पूरे कर चुका है और यह पूरे आसनसोल की आस्था का सबसे बड़ा केंद्र है। यहां रोजाना होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों से बच्चों में संस्कार आते हैं और सनातन धर्म की रक्षा होती है।

इस मौके पर जगदीश प्रसाद केडिया, मुन्ना शर्मा, शिव प्रसाद वर्मन, मुकेश शर्मा, मुकेश पहचान, संजय जालान, अजय सोनकर, शंभू धीवर, संजय शर्मा, मुंशी शर्मा, मनीष भगत, अभिषेक वर्मन, प्रकाश अग्रवाल, राजीव शर्मा, रौनक जालान सहित समिति के सभी सदस्य और सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे।

 

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *