दुर्गापुर में TMC नेता बंटी सिंह के घर पर हंगामा, ‘चोर-चोर’ के नारों से गूंजा बी-जोन, पुलिस ने लिया हिरासत में
दुर्गापुर। दुर्गापुर स्टील टाउनशिप के बी-जोन इलाके में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बड़ी संख्या में लोग तृणमूल कांग्रेस नेता बंटी सिंह के घर के बाहर जमा हो गए और उनके खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने घर का घेराव कर “चोर-चोर” के नारे लगाए, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गय
महिला की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
मामले की सूचना मिलते ही दुर्गापुर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस ने स्थिति को बिगड़ने से बचाते हुए TMC नेता बंटी सिंह को हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए थाने ले गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई एक महिला द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई है। हालांकि, शिकायत में क्या आरोप हैं और किस मामले में हिरासत में लिया गया है, इस पर पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
राजनीति भी गरमाई, बीजेपी ने साधा निशाना
इस घटना के बाद दुर्गापुर की राजनीति भी गरमा गई है। भाजपा ने इस मुद्दे पर TMC को घेरा है। बीजेपी प्रवक्ता सुमंत मंडल ने आरोप लगाया कि “INTTUC की कोर कमेटी में रहते हुए बंटी सिंह ने TMC शासनकाल में सत्ता के नशे में आम लोगों पर दबाव बनाया और उनका उत्पीड़न किया। उसी का गुस्सा आज लोगों में फूट रहा है।”
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की सच्चाई सामने आ पाएगी।














