आसनसोल । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर शनिवार महिला उद्योग की तरफ से आसनसोल के ईएसआई हॉस्पिटल में इलाज करा रहीं महिला मरीजों के बीच फल और अन्य भोजन सामग्री का वितरण किया गया। इस मौके पर यहां महिला उद्योग की तरफ से संगठन के अध्यक्ष सुदेशना घटक के अलावा सभी सदस्य उपस्थित थी। इस बारे में पत्रकारों को जानकारी देते हुए सुदेशना घटक ने बताया कि 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। हर महिला के लिए यह बहुत महत्वपूर्ण दिन है। महिला श्रमिकों को समान वेतन और मजदूरी बढ़ाने की मांग करते हुए और कार्य क्षेत्र में सम्मान के साथ कार्य करने की आजादी की मांग करते हुए इस दिन को मनाने की शुरुआत हुई थी। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए किसी एक दिन को चिन्हित करना सही नहीं होता। लेकिन आज के दिन के महत्व से भी इनकार नहीं किया जा सकता। इसलिए आज यह कार्यक्रम किया जा रहा है।