आसनसोल जिला अस्पताल में इतिहास रचा गया! पहली बार हुआ कूल्हे का सफल प्रत्यारोपण, 57 साल के मरीज को मिला नया जीवन
आसनसोल। आसनसोल जिला अस्पताल ने चिकित्सा के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। गुरुवार को अस्पताल के नवनिर्मित ट्रॉमा केयर यूनिट में पहली बार “टोटल हिप रिप्लेसमेंट”* यानी कूल्हे के जोड़ के प्रत्यारोपण का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गयाडॉ. समीरन डे ने किया कमाल
यह सफल ऑपरेशन अस्पताल के प्रसिद्ध ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. समीरन डे ने किया। उन्होंने 57 वर्षीय मरीज सीमांत दास का ऑपरेशन किया, जो हीरापुर थाना क्षेत्र के बर्नपुर के रहने वाले हैं और 25 अगस्त को अस्पताल में भर्ती हुए थे।
डॉ. डे ने एनेस्थेटिक विशेषज्ञ डॉ. श्रीकांत गांगुली और डॉ. ए. पाल की टीम के साथ मिलकर करीब एक घंटे में यह सर्जरी पूरी की। ऑपरेशन के दौरान नर्स और अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद रहे। फिलहाल मरीज को 3 से 4 दिनों तक निगरानी में रखा गया है और उनकी हालत स्थिर है।
एक दशक बाद शुरू हुआ ट्रॉमा केयर
अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट डॉ. तपन कुमार विश्वास ने बताया कि 17 अगस्त को ही इमरजेंसी विभाग के ऊपर ट्रॉमा केयर यूनिट को आधिकारिक तौर पर शुरू किया गया था। एक दशक से भी ज्यादा समय के इंतजार के बाद पुराने इंफ्रास्ट्रक्चर को दुरुस्त कर इसे शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि शुरूआत के बाद से ही यहां लगातार कई जटिल ऑपरेशन हो रहे हैं, लेकिन टोटल हिप रिप्लेसमेंट का यह पहला ऑपरेशन है, जो पूरी तरह सफल रहा। अस्पताल प्रबंधन ने अब स्वास्थ्य विभाग से और अधिक आधुनिक उपकरण और डॉक्टरों की मांग की है ताकि मरीजों को और बेहतर सुविधा मिल सके।














