पश्चिम बर्दवान में खाने के ठिकानों पर Food Safety का हल्ला-बोल, मिठाई दुकान से होटल-ढाबे तक मारा छापा, बासी करी और सड़ी मिठाई देख उड़े अधिकारियों के होश
आसनसोल। अगर आप बाहर खाने-पीने के शौकीन हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। त्योहारों के सीजन से पहले खाने-पीने की चीजों की गुणवत्ता को लेकर पश्चिम बर्दवान जिला प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है।
जिले में Food Safety विभाग की टीम ने पुलिस और संबंधित विभागों के साथ मिलकर दुर्गापुर, जामुड़िया और बर्नपुर के कई इलाकों में एक साथ बड़ी छापेमारी की। टीम ने अचानक होटलों, सड़क किनारे ढाबों, नामी मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में घुसकर जांच शुरू की तो दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
जांच में क्या-क्या मिला?
जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में बड़ी लापरवाही उजागर हुई। अधिकारियों को कई जगहों पर –
– फ्रिज में रखी दो दिन पुरानी बासी करी और सब्जियां
– बदबू मारती और फंगस लगी खराब मिठाइयां
– बिना ढके और बिना लेबल के रखी संदिग्ध खाद्य सामग्री मिली।
हालत देखकर अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर ही क्विंटलों बासी खाना और मिठाइयां जब्त कर नष्ट कर दी। जिन दुकानों में साफ-सफाई की कमी और लाइसेंस में गड़बड़ी मिली, उन्हें मौके पर ही नोटिस थमाया गया।
विभाग ने दी सख्त चेतावनी
Food Safety अधिकारी ने कहा, “लोगों की सेहत से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह सिर्फ शुरुआती जांच है। हमारा मकसद लोगों को सुरक्षित, ताजा और गुणवत्तापूर्ण खाना उपलब्ध कराना है। सभी दुकानदारों को साफ-सफाई, ताजा सामग्री और FSSAI नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।”
उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर दोबारा जांच में नियमों की अनदेखी मिली तो दुकान सील करने से लेकर लाइसेंस रद्द करने तक की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














