दुर्गापूजा से पहले देंदुआ में मजदूरों का हल्ला बोल – 3 महीने से वेतन नहीं, 250 ठेका श्रमिकों ने घेरा अंजनी रेल प्राइवेट लिमिटेड का गेट
सलानपुर, शिल्पांचल टुडे
दुर्गापूजा सिर पर है और घर में पैसा नहीं। इसी गुस्से में बुधवार सुबह देंदुआ स्थित अंजनी रेल प्राइवेट लिमिटेड कारखाने के बाहर करीब 250 ठेका श्रमिकों ने जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। सुबह से ही कंपनी गेट के बाहर मजदूरों की भीड़ जुट गई।
क्या है मजदूरों की मांग?
प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का आरोप है कि उन्हें पिछले तीन महीनों से एक रुपया भी वेतन नहीं मिला है। दुर्गापूजा जैसे बड़े त्योहार के समय वेतन न मिलने से उनके परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। बच्चों के कपड़े और घर का खर्च कैसे चलेगा, इसी को लेकर मजदूरों में भारी आक्रोश है।
हंगामे की खबर मिलते ही कंपनी के कुछ अधिकारी गेट पर पहुंचे और मजदूरों को समझाने की कोशिश की। प्रबंधन की ओर से आश्वासन दिया गया कि अगले बुधवार तक सारा बकाया वेतन दे दिया जाएगा।
लेकिन मजदूर आश्वासन से मानने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है, “हर बार सिर्फ तारीख पर तारीख मिलती है। जब तक कंपनी मालिक या ठेकेदार खुद सामने आकर पक्की तारीख नहीं बताएगा, हम गेट से नहीं हटेंगे।”
श्रमिकों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन और बड़ा होगा और फैक्ट्री का काम पूरी तरह ठप कर दिया जाएगा।














