दुर्गापुर में बदलेगा सियासी नक्शा – 43 से बढ़कर 53 होंगे नगर निगम के वार्ड, एसडीओ ऑफिस में हुई सर्वदलीय बैठक
दुर्गापुर, शिल्पांचल टुडे
दुर्गापुर नगर निगम का विस्तार होने जा रहा है। राज्य सरकार ने नगर निगम के वार्डों की संख्या 43 से बढ़ाकर 53 करने का प्रस्ताव रखा है, जिस पर अब औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी को लेकर शनिवार को एसडीओ कार्यालय में एक महत्वपूर्ण सर्वदलीय बैठक बुलाई गई।
किस वार्ड में कौन सा इलाका?
बैठक में मुख्य रूप से वार्डों के पुनर्गठन और नई सीमा निर्धारण को लेकर चर्चा हुई। 10 नए वार्ड बनने के बाद किस इलाके को किस वार्ड में जोड़ा जाएगा और नए वार्डों की सीमाएं क्या होंगी, इस पर सभी दलों ने अपने सुझाव दिए।
बैठक की अध्यक्षता एसडीएम अंकिता अग्रवाल और नगर निगम आयुक्त अबुल कलाम आजाद इस्लाम ने की।
सभी दलों ने रखी अपनी बात
सर्वदलीय बैठक में शहर के सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
– तृणमूल कांग्रेस से उज्ज्वल मुखर्जी और धर्मेंद्र यादव
– भाजपा से अभिजीत दत्त और सुमंत मंडल
– कांग्रेस से देवेश चक्रवर्ती
– सीपीएम से विश्वरूप चटर्जी और सिद्धार्थ बोस
– इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव और आपत्तियां प्रशासन के सामने रखी।
बदलेगा सियासी समीकरण
वार्डों की संख्या बढ़ने से दुर्गापुर नगर निगम का पूरा राजनीतिक और प्रशासनिक नक्शा बदल जाएगा। कई वार्डों में आरक्षण की स्थिति बदलेगी और नए क्षेत्रों में विकास कार्य तेज होंगे। हालांकि अंतिम फैसला प्रशासनिक प्रक्रिया और आपत्तियों की सुनवाई के बाद ही लिया जाएगा।














