दुर्गा पूजा से पहले चमकेंगी आसनसोल की सड़कें! मंत्री अग्निमित्रा पाल ने किया मरम्मत कार्य का शुभारंभ, बोलीं- घटिया काम बर्दाश्त नहीं
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
दुर्गा पूजा से पहले आसनसोल वासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। शहर की जर्जर और गड्ढों भरी सड़कों की मरम्मत का काम आखिरकार शुरू हो गया है।
रविवार को पश्चिम बंगाल की नगर विकास एवं नगरपालिका मामलों की मंत्री और आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल ने विभिन्न वार्डों में सड़क मरम्मत कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया।
इस दौरान मंत्री अग्निमित्रा पाल ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा, “सड़कें सिर्फ आने-जाने का रास्ता नहीं हैं, बल्कि शहर की लाइफलाइन हैं। पूजा से पहले शहर की एक भी सड़क खराब नहीं रहेगी।”
10 अक्टूबर तक डेडलाइन, गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं
मंत्री ने अधिकारियों और ठेकेदारों को दो टूक कहा कि काम में गुणवत्ता और स्थायित्व सबसे जरूरी है। कोई भी घटिया काम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ठेकेदारों की पूरी जवाबदेही तय की जाएगी।
बता दें कि लंबे समय से आसनसोल की कई मुख्य सड़कें बदहाल थीं, जिसको लेकर स्थानीय लोगों और पूजा कमेटियों ने लगातार शिकायत की थी। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने पूजा से पहले सड़कों को चलने लायक बनाने के लिए 10 अक्टूबर तक सभी मरम्मत कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
सड़क मरम्मत शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी है और इसे पूजा से पहले यातायात व्यवस्था को बेहतर करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।














