जामुड़िया के लिए खुशखबरी! कोलकाता और बर्दवान के लिए सीधी ट्रेन की मांग पर रेलवे का सकारात्मक जवाब, विधायक के प्रस्ताव पर लगी मुहर की उम्मीद
शिल्पांचल टुडे, जामुड़िया।
जामुड़िया के लोगों के लिए लंबे समय से अधूरी पड़ी सीधी रेल सेवा की मांग अब पूरी होने की कगार पर है। जामुड़िया विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी की पहल पर आसनसोल रेल मंडल के डीआरएम ने प्रस्तावित ट्रेनों पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिया है, जिससे यात्रियों में खुशी की लहर है।
कोलकाता के लिए सुबह-शाम सीधी ट्रेन का प्रस्ताव
विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने डीआरएम को पत्र लिखकर जामुड़िया से कोलकाता के बीच सीधी ट्रेन चलाने की मांग की थी। प्रस्ताव के मुताबिक, सुबह जामुड़िया से कोलकाता और शाम को कोलकाता से जामुड़िया के लिए ट्रेन चलेगी। अगर यह सेवा शुरू होती है तो कोलकाता में नौकरी, पढ़ाई और व्यापार के लिए रोजाना सफर करने वाले हजारों लोगों को आसनसोल जाकर ट्रेन पकड़ने की मजबूरी खत्म हो जाएगी।
बर्दवान के लिए भी रोजाना लोकल ट्रेन की मांग
सिर्फ कोलकाता ही नहीं, जामुड़िया से बर्दवान के बीच भी रोजाना लोकल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे को दिया गया है। डीआरएम कार्यालय ने इस पर भी विचार करने की बात कही है। इस सेवा के शुरू होने से छात्रों, दैनिक कर्मचारियों और छोटे व्यापारियों को सबसे ज्यादा फायदा होगा और क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
आसनसोल-कोलकाता रूट की ट्रेनों का होगा जामुड़िया में स्टॉपेज?
विधायक के प्रस्ताव में एक और अहम मांग है – आसनसोल-कोलकाता रूट पर चलने वाली ट्रेनों का ठहराव जामुड़िया स्टेशन पर दिया जाए। इससे जामुड़िया के साथ-साथ आसपास के गांवों के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
विधायक ने जताया आभार
रेलवे की ओर से सकारात्मक जवाब मिलने के बाद विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने डीआरएम का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है, जामुड़िया के विकास के लिए वे लगातार लड़ते रहेंगे।
हालांकि, अभी ट्रेनों के चलने की तारीख और टाइम-टेबल की आधिकारिक घोषणा बाकी है, लेकिन रेलवे के इस जवाब ने जामुड़िया वासियों में नई उम्मीद जगा दी है।














