Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

सबुज साथी नहीं मिली तो स्कूल में जड़ा ताला, बांकुड़ा के मेजिया में छात्रों का जोरदार प्रदर्शन

शिल्पांचल टुडे, बांकुड़ा ।
बंगाल सरकार की महत्वाकांक्षी ‘सबुज साथी’ योजना में साइकिल नहीं मिलने से नाराज छात्रों का गुस्सा आखिर फूट पड़ा। मेजिया ब्लॉक के जपमाली देशबंधु हाई स्कूल के दसवीं के छात्रों ने स्कूल के मेन गेट पर ताला जड़ दिया। शिक्षक बाहर खड़े रहे और अंदर सैकड़ों छात्र ‘हमें साइकिल दो’ के नारे लगाते रहे।

एक साल से कर रहे हैं इंतजार
छात्रों का आरोप है कि पिछले साल जब पूरे बंगाल में नौवीं के छात्रों को साइकिल बांटी गई थी, तब इस स्कूल के कई छात्रों को साइकिल नहीं मिली। बार-बार शिकायत करने पर सिर्फ आश्वासन मिला। अब वे नौवीं से दसवीं में आ गए हैं, लेकिन साइकिल आज तक नहीं मिली।

गुस्सा तब और बढ़ गया जब पता चला कि इस साल के नए नौवीं के छात्रों को साइकिल दी जा रही है। छात्रों का सवाल है – नए छात्रों को मिल रही है तो हम पिछले एक साल से क्यों इंतजार कर रहे हैं?

3-4 KM पैदल चलने को मजबूर
छात्रों ने बताया कि कई छात्रों का घर स्कूल से 3 से 4 किलोमीटर दूर है। साइकिल नहीं होने से रोज स्कूल आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। साइकिल सिर्फ योजना नहीं, उनकी पढ़ाई का सहारा है।

वहीं शिक्षकों का कहना है कि पिछले साल प्रशासनिक गड़बड़ी से साइकिल नहीं आई थी, इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।

छात्रों ने साफ कहा है कि जब तक पिछले साल की बकाया साइकिल नहीं मिलेगी, आंदोलन जारी रहेगा।


 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *