अब वर्दी के साथ दिल भी बचाएगी ADPC पुलिस: 266 जवानों को मिली CPR की ट्रेनिंग, हार्ट अटैक पर तुरंत देंगे जीवनदान
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
अक्सर हम पुलिस को कानून-व्यवस्था संभालते देखते हैं, लेकिन अब आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की पुलिस मेडिकल इमरजेंसी में भी लोगों की जान बचाएगी। पुलिस कमिश्नरेट ने एक सराहनीय पहल करते हुए अपने 266 जवानों को जीवन रक्षक ट्रेनिंग दी है।
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (ADPC) ने हेल्थवर्ल्ड हॉस्पिटल के सहयोग से दो दिवसीय CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) और BLS (बेसिक लाइफ सपोर्ट) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया।
क्या है इस ट्रेनिंग में खास?
इस ट्रेनिंग में पुलिसकर्मियों को सिखाया गया कि अगर सड़क पर किसी व्यक्ति को अचानक हार्ट अटैक आ जाए, कोई बेहोश होकर गिर जाए या एक्सीडेंट में सांस रुक जाए, तो एम्बुलेंस आने से पहले कैसे उसकी जान बचाई जा सकती है।
हेल्थवर्ल्ड के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने पुलिस जवानों को –
– छाती पर दबाव (Chest Compression) कैसे देना है
– मुंह से सांस कैसे देनी है
– बेहोश व्यक्ति को कैसे संभालना है
इसका प्रैक्टिकल डेमो दिया।
266 जवान बने लाइफ सेवर
कमिश्नरेट की विभिन्न थानों, ट्रैफिक और स्पेशल यूनिटों से कुल 266 पुलिसकर्मियों ने इस प्रशिक्षण में हिस्सा लिया। अब ये जवान ड्यूटी के दौरान किसी भी मेडिकल इमरजेंसी में फर्स्ट रिस्पॉन्डर की भूमिका निभा सकेंगे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मी 24 घंटे सड़क पर रहते हैं और अक्सर सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचते हैं। ऐसे में अगर उन्हें CPR जैसी तकनीक आती है, तो गोल्डन ऑवर में कई कीमती जानें बचाई जा सकती हैं।
प्रशिक्षण के समापन पर सभी प्रशिक्षित जवानों को सम्मानित भी किया गया। ADPC की यह पहल निश्चित रूप से पुलिस की छवि को और अधिक मानवीय और मददगार बनाएगी।














