धेमोमेन वार्ड 58 में दुर्गा पूजा का भव्य आगाज: मंत्री अजय पोद्दार ने किया उद्घाटन, बोले – ये बंगाल की संस्कृति और एकता का प्रतीक
शिल्पांचल टुडे , आसनसोल।
बंगाल की आस्था और संस्कृति का सबसे बड़ा उत्सव दुर्गा पूजा अब पूरे शबाब पर है। इसी कड़ी में आसनसोल के धेमोमेन स्थित वार्ड नंबर 58 में दुर्गा पूजा पंडाल का भव्य शुभ उद्घाटन किया गया।
पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री डॉ अजय कुमार पोद्दार ने फीता काटकर और माँ दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर CMD महोदय समेत कई गणमान्य अतिथि, वार्ड के स्थानीय लोग मौजूद रहे।
बंगाल की पहचान है दुर्गा पूजा – मंत्री अजय पोद्दार
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री अजय कुमार पोद्दार ने कहा, “दुर्गा पूजा सिर्फ एक धार्मिक त्योहार नहीं, बल्कि यह बंगाल की आत्मा है। यह हमारी समृद्ध विरासत, परंपरा और आपसी भाईचारे का प्रतीक है।”
उन्होंने कहा कि दुर्गोत्सव के दौरान समाज के सभी वर्ग, सभी धर्म के लोग एक साथ आकर माँ की आराधना करते हैं, जिससे सामाजिक एकता और सद्भाव मजबूत होता है।
मंत्री ने कहा, “मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में हम बंगाल की खोई हुई सांस्कृतिक विरासत को फिर से पुनर्जीवित करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं और मुझे खुशी है कि धेमोमेन जैसे क्षेत्रों में यह परंपरा इतनी खूबसूरती से जीवंत है।”
सुख-शांति की कामना
मंत्री ने माँ दुर्गा से प्रार्थना करते हुए सभी राज्यवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने लोगों से अपील की कि त्योहार को प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं।
वार्ड 58 के पूजा उद्घाटन को लेकर स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। ढाक की थाप और शंख की आवाज के बीच पूरे इलाके में उत्सव का माहौल बन गया।














