Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

पानागढ़ में बड़ा हादसा टला: रनडिहा मोड़ पर कबाड़ के गोदाम में लगी भीषण आग, दमकल ने बचाई सैकड़ों दुकानें

शिल्पांचल टुडे, पानागढ़।
पानागढ़ बाजार में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बुधवार आधी रात को जीटी रोड पर रनडिहा मोड़ के पास सड़क किनारे लगे कबाड़ के विशाल ढेर में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आग में पुराने टायर, प्लास्टिक, लकड़ी और गाड़ियों का स्क्रैप धू-धू कर जलने लगा। काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा जा रहा था।

दमकल की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा

स्थानीय लोगों ने पहले खुद बाल्टी से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि काबू से बाहर हो गई। तुरंत पानागढ़ थाने की पुलिस और दमकल विभाग को खबर दी गई।

दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि हवा का रुख बाजार की तरफ नहीं था, वरना सड़क किनारे सटी सैकड़ों दुकानें और घर इसकी चपेट में आ सकते थे।

खबर के बाद भी नहीं चेता प्रशासन? उठ रहे हैं सवाल

यह आग कोई अचानक हादसा नहीं, बल्कि लापरवाही का नतीजा है। कुछ दिन पहले ही ‘पानागढ़ एक्सप्रेस टाइम्स’ ने पानागढ़ जीटी रोड किनारे कबाड़ी पट्टी में अतिक्रमण और कचरे के ढेर को लेकर प्रमुखता से खबर छापी थी। उस खबर में साफ चेतावनी दी गई थी कि सड़क किनारे जमा यह ज्वलनशील कबाड़ किसी बड़े हादसे को दावत दे सकता है और आज वही हुआ।

आखिर आग लगी कैसे?

स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी राहगीर द्वारा फेंकी गई जलती बीड़ी-सिगरेट से यह आग लगी हो सकती है। वहीं कुछ लोगों ने असामाजिक तत्वों की शरारत की भी आशंका जताई है। हालांकि पुलिस ने अभी तक आग लगने के सही कारणों का खुलासा नहीं किया है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस छोटी आग को चेतावनी के तौर पर लेगा? क्या जीटी रोड को घेरकर रखे गए इस अवैध कबाड़ बाजार को हटाया जाएगा या फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जाएगा?

 

  

        

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *