Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

उखड़ा बाजार में खूनी वारदात से दहला अंडाल: लिव-इन में रह रही 46 वर्षीय महिला की गला रेतकर हत्या, प्रेमी गिरफ्तार

शिल्पांचल टुडे, अंडाल ।
अंडाल थाना क्षेत्र के सबसे व्यस्त इलाके उखड़ा बाजार में बुधवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां मांस की दुकान चलाने वाली 46 वर्षीय महिला चांदा देवी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पूरे बाजार में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के साथ लिव-इन में रह रहे आरोपी प्रेम मंडल को गिरफ्तार कर लिया है।

दुकान से घर तक का रिश्ता, फिर खूनी अंत

स्थानीय लोगों के अनुसार, चांदा देवी और प्रेम मंडल पिछले लंबे समय से उखड़ा बाजार में एक साथ मांस की दुकान चलाते थे और एक ही साथ रहते थे। बुधवार रात दुकान बंद होने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर तेज बहस हो गई।

कहासुनी इतनी बढ़ी कि गुस्से में प्रेम मंडल ने पास रखे धारदार हथियार से चांदा देवी के गले पर वार कर दिया। मौके पर ही खून से लथपथ होकर उनकी मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

रिश्तेदार ने कहा – साथ रहते थे दोनों

मृतका के रिश्तेदार बिट्टू सिंह ने भी पुष्टि की है कि दोनों साथ रहते थे। हालांकि हत्या की असली वजह क्या है, इसे लेकर अभी तक पर्दा नहीं उठा है। लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं – क्या यह पैसों के लेन-देन का विवाद था, या निजी रंजिश?

पुलिस कर रही है गहन पूछताछ

घटना की खबर मिलते ही अंडाल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया गया है और फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

व्यस्त बाजार में हुई इस बेरहमी से हत्या ने स्थानीय लोगों को डरा दिया है। लोग मांग कर रहे हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।

 

  

        

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *