लाला पर ED का शिकंजा और कसा: 136.44 करोड़ की और संपत्ति जब्त, कोयला घोटाले में अब तक 815 करोड़ की संपत्ति सीज
शिल्पांचल टुडे, रांची/कोलकाता/आसनसोल।
पश्चिम बंगाल के चर्चित अवैध कोयला तस्करी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। कोयला सिंडिकेट के किंगपिन अनूप मांझी उर्फ लाला से जुड़ी 136.44 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियों को अस्थायी तौर पर जब्त किया गया है।
इस ताजा कार्रवाई के बाद इस मामले में अब तक जब्त की गई कुल संपत्तियों की कीमत *815.08 करोड़ रुपये* तक पहुंच गई है।
ईको-टूरिज्म की आड़ में काला धन?
ED सूत्रों के अनुसार, जांच में सामने आया है कि अवैध कोयला खनन से हुई काली कमाई को वैध बनाने के लिए उसे अलग-अलग कारोबार में लगाया गया था।
इस बार ED की कार्रवाई में जिन संपत्तियों को सीज किया गया है, उनमें शामिल हैं:
– पुरुलिया के गढ़ पंचकोट ईको टूरिज्म से जुड़ी संपत्तियां
– बांकुड़ा के बिहारीनाथ ईको टूरिज्म से जुड़ी संपत्तियां
– कोलकाता में स्थित कई कीमती अचल संपत्तियां
जमीन ही नहीं, शेयर और म्यूचुअल फंड भी जब्त
ED ने सिर्फ जमीन और होटल-रिसॉर्ट को ही निशाना नहीं बनाया है। लाला और उसके करीबियों के बैंक खातों में जमा रकम, शेयर बाजार में निवेश और म्यूचुअल फंड में लगाए गए करोड़ों रुपयों को भी अटैच किया गया है।
जांच एजेंसी का आरोप है कि अवैध कोयला कारोबार से अर्जित धन को कई लेयर के जरिए घुमाकर वैध संपत्तियों में बदला जा रहा था। ED अब मनी ट्रेल, शेल कंपनियों और बेनामी निवेश के नेटवर्क को खंगाल रही है।
ED के अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में कई और दस्तावेज और वित्तीय लेन-देन सामने आ सकते हैं, जो इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की दिशा तय करेंगे।
















