पानागढ़-मोरग्राम हाईवे पर खूनी अष्टमी: पेड़ से टकराकर जंगल में घुसी कार, परिवार संग आश्रम जा रहे युवक समेत 2 की मौत
शिल्पांचल टुडे, पानागढ़ ।
दुर्गा पूजा की अष्टमी की खुशियां मातम में बदल गईं। पानागढ़-मोरग्राम राज्य सड़क पर सोमवार दोपहर चार माइल के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और सीधे जंगल में जा घुसी। भीषण हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान:
1. सौगत साहा (47 वर्ष) – निवासी रथतला, कांकसा
2. सुधामय मेटे (26 वर्ष) – वाहन चालक
परिवार के साथ रामकृष्ण आश्रम जा रहे थे
जानकारी के मुताबिक, कांकसा के रथतला निवासी सौगत साहा अष्टमी के दिन अपने परिवार के 6 लोगों के साथ दोमड़ा रामकृष्ण आश्रम दर्शन के लिए जा रहे थे। चार माइल के पास अचानक चालक का स्टीयरिंग से नियंत्रण छूट गया। कार बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराई और जंगल में घुस गई।
जोरदार आवाज सुनकर स्थानीय लोग दौड़े और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना पर कांकसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
सभी घायलों को पहले पानागढ़ ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें दुर्गापुर महकमा अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने सौगत साहा को मृत घोषित कर दिया, जबकि चालक सुधामय मेटे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
त्योहार में हादसों से दहला कांकसा
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया था, जिसे ट्रैफिक पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सामान्य कराया।
बता दें कि दुर्गा पूजा के दौरान कांकसा थाना क्षेत्र में यह लगातार तीसरा बड़ा हादसा है। पिछले दो दिनों में सड़क हादसों में 5 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।

















