दुर्गापुर में बुजुर्ग महिला से बैग छिनतई, फिल्मी स्टाइल में पीछा कर सिटी सेंटर पुलिस ने दबोचा बदमाश
दुर्गापुर, शिल्पांचल टुडे।
दुर्गापुर के पॉश इलाके सिटी सेंटर में दिनदहाड़े छिनतई की वारदात से सनसनी फैल गई। एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर बाइक सवार बदमाश ने उनका हैंडबैग छीन लिया और फरार हो गया। लेकिन सिटी सेंटर इन्वेस्टिगेशन सेंटर की पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए फिल्मी अंदाज में पीछा कर आरोपी को धर दबोचा।
घर लौट रही महिला को बनाया निशाना
जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग महिला सिटी सेंटर से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाइक सवार एक बदमाश ने झपट्टा मारकर उनका हैंडबैग छीन लिया। बैग में मोबाइल फोन, नकदी और कई जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। घटना के बाद महिला ने शोर मचाया और तुरंत सिटी सेंटर फांड़ी पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस ने दिखाई फुर्ती, बैग बरामद
शिकायत मिलते ही पुलिस ने बिना देर किए कार्रवाई शुरू की। सीसीटीवी और स्थानीय लोगों से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने बदमाश का पीछा किया और उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पुलिस ने महिला का छिना हुआ बैग, उसमें रखा मोबाइल, नकदी और जरूरी कार्ड बरामद कर लिए हैं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर थाने लाया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की इलाके के लोगों ने जमकर सराहना की है।














