Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

आसनसोल के लाइफलाइन अस्पताल में हंगामा! 12 घंटे ड्यूटी से भड़के गार्ड-सफाईकर्मी, गेट पर किया प्रदर्शन – बोले 8 घंटे से ज्यादा नहीं करेंगे काम

शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
मरीजों की जान बचाने वाले अस्पताल में ही अब कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा है। आसनसोल के चर्चित लाइफलाइन मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल के मेन गेट पर सोमवार को सैकड़ों कर्मचारियों ने जमकर हल्ला बोला।

सुरक्षा गार्ड, सफाईकर्मी और GDA स्टाफ ने एक साथ काम बंद कर प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

क्या है पूरा मामला?

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने अचानक उनका ड्यूटी टाइम 8 घंटे से बढ़ाकर 12 घंटे कर दिया है।

कर्मचारियों ने कहा, “हम 8 घंटे ईमानदारी से काम करते थे। अब 12 घंटे काम कराओगे तो हमारे बच्चे, परिवार कौन देखेगा? शरीर भी तो जवाब दे जाता है। हम इंसान हैं, मशीन नहीं।”

उनका कहना है कि 12 घंटे ड्यूटी करने के लिए उन पर जबरदस्ती दबाव बनाया जा रहा है। मना करने पर नौकरी से निकालने की धमकी भी मिल रही है।

8 घंटे करो, वरना आंदोलन होगा तेज

कर्मचारियों ने अस्पताल प्रबंधन के सामने एक ही मांग रखी है – पुराना 8 घंटे वाला शिफ्ट वापस लाओ।

चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा, “अगर 24 घंटे में हमारी मांग नहीं मानी गई तो हम अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। फिर अस्पताल की पूरी व्यवस्था ठप हो जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।”

अस्पताल जैसे संवेदनशील जगह पर कर्मचारियों का इस तरह प्रदर्शन करना गंभीर सवाल खड़े करता है। 12 घंटे थके हुए स्टाफ से मरीजों को कितनी अच्छी सेवा मिलेगी?

अब सबकी नजरें अस्पताल प्रबंधन पर टिकी हैं कि क्या वह कर्मचारियों से बातचीत कर बीच का रास्ता निकालेगा या यह आंदोलन और बड़ा रूप लेगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *