पांडवेश्वर में विजयादशमी के बाद विजया मिलन की धूम! शताब्दी पार्क में उमड़े भाजपाई, विधायक जितेंद्र तिवारी ने बांटा एकता का संदेश
शिल्पांचल टुडे, पांडवेश्वर।
दशहरे की गूंज अभी थमी भी नहीं कि पांडवेश्वर में विजया सम्मेलन का उत्साह देखने को मिला। रविवार को एरिया कॉम्प्लेक्स स्थित शताब्दी पार्क में छोरा अंचल भाजपा की ओर से भव्य विजया सम्मेलन का आयोजन किया गया।
इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पांडवेश्वर के लोकप्रिय विधायक जितेंद्र तिवारी शामिल हुए और कार्यकर्ताओं का जोश दोगुना कर दिया।
गले मिलकर दी विजया की बधाई
कार्यक्रम की शुरुआत विजया दशमी की शुभकामनाओं के साथ हुई। विधायक जितेंद्र तिवारी ने एक-एक कार्यकर्ता से हाथ मिलाया, गले लगकर विजया की बधाई दी।
पूरा पार्क “जय श्री राम” और विजया की शुभकामनाओं से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं में भी अपने विधायक से मिलने का जबरदस्त उत्साह देखा गया।
सौहार्द और एकता का संदेश
अपने संबोधन में विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा, “विजयादशमी सिर्फ त्योहार नहीं, बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह विजया सम्मेलन हमारे कार्यकर्ताओं को एक परिवार की तरह जोड़ता है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ चुनाव की पार्टी नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की पार्टी है। उन्होंने सभी से अपील की कि इस एकता को बनाए रखें और पांडवेश्वर के विकास के लिए मिलकर काम करें।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा के मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रमुख, बूथ कार्यकर्ता और स्थानीय समर्थक मौजूद रहे। अंत में सभी ने एक साथ मिठाई खाकर विजया के इस पर्व को यादगार बना दिया।
