Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

बर्नपुर में बंद घर से निकला 24 साल के एम्बुलेंस ड्राइवर का सड़ा-गला शव! 7 दिन से लापता था ‘टुकाई’, दुर्गंध से खुला राज

शिल्पांचल टुडे, बर्नपुर।

बर्नपुर के रामबांध इलाके में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक बंद घर से तेज बदबू आने पर जब लोगों ने दरवाजा खोला तो अंदर का मंजर देखकर सभी के होश उड़ गए। अंदर 24 साल के एम्बुलेंस ड्राइवर का सड़ा-गला शव पड़ा था।

मृतक की पहचान शंभू आचार्य उर्फ टुकाई (24) के रूप में हुई है। यह मामला हीरापुर थाना क्षेत्र का है।

7 दिन से था लापता, घर से आ रही थी बदबू

स्थानीय लोगों ने बताया कि टुकाई पिछले 7 दिनों से कहीं दिखाई नहीं दे रहा था। सोमवार सुबह उसके घर से भयानक दुर्गंध आने लगी तो पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने तुरंत उसके दोस्तों को खबर दी।

दोस्तों ने आकर जब दरवाजा तोड़ा तो देखा कि टुकाई की लाश जमीन पर पड़ी है और शरीर पूरी तरह सड़ चुका है। देखते ही देखते पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

आखिरी बार 200 रुपये लिए थे मालिक से

टुकाई के साथ काम करने वाले उसके दोस्त और सहकर्मी मोहम्मद साजिद ने बताया कि टुकाई बहुत मिलनसार लड़का था।

साजिद ने बताया, “26 अक्टूबर को उसने गाड़ी मालिक से खाने के लिए 200 रुपये लिए थे। उसी दिन उसने कहा था कि उसके एक दोस्त की मां का निधन हो गया है, इसलिए उसे 2 दिन की छुट्टी चाहिए। उसने कहा कि वह अभी गाड़ी नहीं चला पाएगा। उसके बाद से उसका फोन बंद आ रहा था और कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था।”

साजिद ने कहा कि उन्हें लगा कि वह कहीं गांव चला गया होगा, लेकिन आज सुबह बदबू की खबर सुनकर आए तो देखा कि वह तो…

परिवार में मां और बड़ा भाई, लेकिन अकेला रहता था

बताया जा रहा है कि टुकाई के परिवार में मां और एक बड़ा भाई हैं, लेकिन वे इस घर में नहीं रहते थे। वह अकेला ही इस घर में रहता था।

हत्या या सामान्य मौत?

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर टुकाई की मौत कैसे हुई? क्या यह कोई बीमारी से हुई सामान्य मौत है, या ज्यादा शराब पीने से, या इसके पीछे कोई और साजिश है?

हीरापुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर आसनसोल जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह पता चलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *