अंडाल में भक्ति के साथ मानवता की मिसाल! ग्राम रक्षक वाहिनी की श्यामा काली पूजा का भव्य उद्घाटन, पुलिस के बड़े अफसरों की मौजूदगी में जरूरतमंदों को बांटे गए कंबल और साड़ियां
शिल्पांचल टुडे, अंडाल।
पश्चिम बर्दवान जिले के अंडाल में इस बार की काली पूजा सिर्फ पूजा नहीं रही, बल्कि भक्ति और मानव सेवा का संगम बन गई।
अंडाल थाना ग्राम रक्षक वाहिनी की ओर से आयोजित पारंपरिक श्री श्री श्यामा काली पूजा का भव्य उद्घाटन समारोह धार्मिक उत्साह और हर्षोल्लास के बीच संपन्न हुआ।
पुलिस के बड़े अफसरों ने बढ़ाई शोभा
उद्घाटन समारोह में पुलिस प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में सीपी एडीपीसी, डीसीपी (पूर्व), एसीपी (अंडाल) और सीआई (बी) दुर्गापुर सहित कई गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे।
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा और महत्व को और बढ़ा दिया। पूजा पंडाल में अधिकारियों का स्वागत ग्राम रक्षक वाहिनी के सदस्यों ने बड़े ही सम्मान के साथ किया।
मां श्यामा के जयकारों से गूंजा पंडाल
उद्घाटन के दौरान पूरा परिसर मां काली के जयकारों से गूंज उठा। विधि-विधान से मां श्यामा की पूजा-अर्चना की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
पूजा के साथ सामाजिक सेवा का संदेश
इस आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि धार्मिक उत्सव के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का भी संदेश दिया गया।
अंडाल थाना ग्राम रक्षक वाहिनी की ओर से क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों के बीच शीत वस्त्र, कंबल और साड़ियों का वितरण किया गया।
सर्दी की दस्तक से पहले गरीब और जरूरतमंद परिवारों को कंबल और साड़ियां मिलते ही उनके चेहरे पर खुशी छा गई। आयोजकों का कहना था कि त्योहार की असली खुशी तभी है, जब उसमें समाज के हर वर्ग को शामिल किया जाए।
लोगों ने की खूब सराहना
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस सामाजिक पहल की जमकर सराहना की। धार्मिक आस्था के साथ मानव सेवा और सामाजिक सहयोग का यह संगम क्षेत्र में एक सकारात्मक संदेश छोड़ गया।
ग्राम रक्षक वाहिनी के सदस्यों ने कहा कि वे हर साल इसी तरह पूजा के साथ-साथ समाज सेवा का काम भी करते रहेंगे।
