ईसीएल के निदेशक (तकनीकी/संचालन) चितरंजन कुमार ने किया कुनुस्तोड़िया क्षेत्र का दौरा, उत्पादन बढ़ाने पर दिया जोर
शिल्पांचल टुडे, कुनुस्तोड़िया।
ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) के निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री चितरंजन कुमार ने 18 नवंबर 2026 को कुनुस्तोड़िया क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में कोयला उत्पादन, प्रेषण और उत्पादकता की स्थिति की समीक्षा की।
दौरे के दौरान क्षेत्रीय महाप्रबंधक अमित कुमार सिन्हा, अपर महाप्रबंधक जयनारायण हलदार, विभिन्न विभागों के प्रमुखों एवं अभिकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के कार्य-निष्पादन, निर्धारित कोयला उत्पादन एवं प्रेषण लक्ष्यों को हासिल करने और उत्पादकता में सुधार लाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
निदेशक चितरंजन कुमार ने क्षेत्र के वर्तमान प्रदर्शन की सराहना करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इसी गति को बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कार्यक्षमता बढ़ाने और उत्पादन लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए बेहतर समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया।
इसके बाद निदेशक ने नॉर्थ सियारसोल ओपन कास्ट परियोजना (OCP) का निरीक्षण किया। उन्होंने खदान की कार्यप्रणाली और उत्पादन संबंधी गतिविधियों का जायजा लेते हुए कोयला उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक अमित कुमार सिन्हा ने निदेशक का स्वागत किया और विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से कुनुस्तोड़िया क्षेत्र के उत्पादन और उत्पादकता को नई गति मिलेगी।













