एटक के 43वें राष्ट्रीय महासम्मेलन में के. सुब्बारायन अध्यक्ष एवं अमरजीत कौर पुनः महासचिव निर्वाचित
शिल्पांचल टुडे, बेंगलुरु (कर्नाटक)।
ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (AITUC) का 43वाँ राष्ट्रीय महासम्मेलन 26 नवंबर 2026 को बेंगलुरु (कर्नाटक) में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस राष्ट्रीय महासम्मेलन में देशभर से 1377 निर्वाचित प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इसके अतिरिक्त लगभग 40 से 50 विदेशी अतिथियों एवं विभिन्न केंद्रीय श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। विश्व के 17 देशों से आए 85 वामपंथी ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने सम्मेलन को अंतरराष्ट्रीय महत्व प्रदान किया।
सम्मेलन के दौरान मजदूरों के सामने उपस्थित चुनौतियों, श्रमिकों के शोषण, आर्थिक लूट, असंगठित क्षेत्र, सेवा क्षेत्र, स्टील उद्योग एवं कोयला उद्योग से जुड़े मजदूरों की समस्याओं पर व्यापक चर्चा हुई। सरकार एवं कॉरपोरेट घरानों की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष की रणनीति तय की गई। कोल इंडिया एवं उसकी अनुषंगी कंपनियों के विनिवेश का विरोध तथा 12वें जेबीसीसीआई के गठन की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
उद्घाटन एवं प्रतिनिधि सत्र
सम्मेलन के पहले दिन 22 नवंबर को फ्रीडम पार्क में खुला अधिवेशन आयोजित किया गया। शाम को झंडोत्तोलन के साथ प्रतिनिधि सत्र की शुरुआत हुई। एटक की राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड अमरजीत कौर ने सचिव का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
23 नवंबर को देश के विभिन्न केंद्रीय श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा विदेशों से आए अतिथियों ने सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने विश्व स्तर पर मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
23 एवं 24 नवंबर को प्रतिनिधि सत्र के दौरान देश के सभी राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने सचिव के प्रतिवेदन पर विस्तार से चर्चा की। मजदूरों की वर्तमान परिस्थितियों, ट्रेड यूनियन आंदोलन की चुनौतियों तथा भविष्य की संघर्षपूर्ण कार्ययोजना पर विचार-विमर्श हुआ।
25 नवंबर को चार आयोगों की रिपोर्ट प्रतिनिधि सत्र में प्रस्तुत की गई। वहीं 26 नवंबर को चुनाव के माध्यम से नई राष्ट्रीय कमेटी का सर्वसम्मति से चयन किया गया।
नई राष्ट्रीय कमेटी का गठन
महासम्मेलन के अंतिम दिन 26 नवंबर को राष्ट्रीय पदाधिकारियों, कार्यकारिणी एवं राष्ट्रीय परिषद का चुनाव संपन्न हुआ। तमिलनाडु के सांसद कॉमरेड के. सुब्बारायन को एटक का राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा कॉमरेड अमरजीत कौर को एक बार फिर राष्ट्रीय महासचिव निर्वाचित किया गया। उनके पुनर्निर्वाचन पर प्रतिनिधियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी।
पश्चिम बंगाल से गुरुदास चक्रवर्ती एवं अनिल सिंह को राष्ट्रीय परिषद में स्थान
इस राष्ट्रीय महासम्मेलन में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL), आसनसोल की कोलियरी मजदूर सभा की ओर से 10 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इनमें कोलियरी मजदूर सभा के साधारण सचिव कॉमरेड गुरुदास चक्रवर्ती एवं संयुक्त सचिव कॉमरेड अनिल सिंह को राष्ट्रीय परिषद में स्थान मिला, जो पश्चिम बंगाल के कोयला मजदूर आंदोलन एवं संगठन के लिए गौरव की बात है।

सम्मेलन में भाग लेने वाले कोलियरी मजदूर सभा के 10 प्रतिनिधियों के नाम इस प्रकार हैं—
1. कॉमरेड गुरुदास चक्रवर्ती
2. कॉमरेड अनिल सिंह
3. कॉमरेड अखिलेश कुमार सिंह
4. कॉमरेड ओमप्रकाश तिवारी
5. कॉमरेड राजेंद्र राम
6. कॉमरेड प्रद्युत चक्रवर्ती
7. कॉमरेड सनीचर तुरी
8. कॉमरेड तपन पाल
9. कॉमरेड सूरज नाथ अहीर
10. कॉमरेड कविता राय
मजदूर एकता और संघर्ष का संकल्प
एटक के 43वें राष्ट्रीय महासम्मेलन ने देश और दुनिया के मजदूरों के अधिकारों की रक्षा, निजीकरण एवं मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। सम्मेलन ने यह संदेश दिया कि मजदूरों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा, सम्मानजनक रोजगार एवं बेहतर जीवन की लड़ाई को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
बेंगलुरु में आयोजित यह राष्ट्रीय महासम्मेलन देश के ट्रेड यूनियन आंदोलन के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ।













