आसनसोल में बड़ी मुठभेड़! पुलिस पर गोली चलाने वाला आरोपी प्रताप दास गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
आसनसोल गोलीकांड के आरोपी प्रताप दास को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, प्रताप दास हथियार लेकर अपने ही इलाके में घूम रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी कर पीछा किया।
बताया जा रहा है कि पुलिस को सामने देखकर आरोपी ने कथित तौर पर दो राउंड फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान प्रताप दास के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे काबू में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की लगातार तलाश के बाद मिली सफलता
गौरतलब है कि आसनसोल में पुलिस पर गोली चलाने की घटना के बाद से ही प्रताप दास फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार अलग-अलग इलाकों में छापेमारी और तलाशी अभियान चला रही थी।
हट्टन रोड की पूर्वाशा लेन समेत कई इलाकों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाई गई थी। तलाशी अभियान के दौरान डीसी सेंट्रल ध्रुव दास भी मौके पर मौजूद रहकर कार्रवाई की निगरानी कर रहे थे।
आखिरकार पुलिस ने मुठभेड़ के बाद प्रताप दास को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद इलाके में हलचल मच गई है।
फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की आगे की कार्रवाई, हथियार की बरामदगी और पूरे घटनाक्रम को लेकर आधिकारिक विस्तृत जानकारी का इंतजार है।













