आसनसोल । आसनसोल जीटी रोड बड़ा पोस्ट ऑफिस के पास स्थित महावीर स्थान मंदिर परिसर में मंगलवार सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ को लेकर पत्रकार सम्मेलन किया गया। इस मौके पर महावीर स्थान सेवा समिति के सचिव अरुण शर्मा, बालकिशन मुरारका, डॉ. जेके सिंह, मुकेश शर्मा सहित अन्य उपस्थित थे। पत्रकारों को संबोधित करते हुए अरुण शर्मा ने कहा कि आगामी 6 तारीख से आसनसोल गौशाला में मुरारका परिवार की ओर से 7 दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ आयोजित हो रहा है। कथा व्यास श्रीश्री 1008 महामण्डलेश्वर स्वामी आत्मप्रकाश जी महाराज के मुखारविन्द से रसमयी वाणी सभी आवांतुक भक्तों को सुनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह आत्म प्रकाश जी महाराज द्वारा आसनसोल में 16वां भागवत पाठ होगा। उन्होंने कहा कि 6 तारीख से 12 तारीख तक भागवत पाठ का आयोजन होगा और 13 तारीख को हवन और महाप्रसाद भंडारा का आयोजन होगा। यह आयोजन आसनसोल गौशाला में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आसनसोल में आत्म प्रकाश जी महाराज के 5000 श्रद्धालु हैं। इनमें से किसी न किसी के द्वारा हर साल यहां पर भागवत पाठ का आयोजन किया जाता है। इस बार बालकिशन मुरारका के द्वारा भागवत पाठ का आयोजन किया गया है, जिसमें आसनसोल महावीर स्थान सेवा समिति का पूर्ण सहयोग रहेगा। प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक भागवत पाठ का आयोजन होगा। उन्होंने आसनसोल के लोगों से भागवत पाठ में सम्मिलित होकर पुण्य का भागीदार बनने का आग्रह किया। श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के मद्देनजर शोभा यात्रा 5 सितंबर सुबह 8 बजे, जीटी रोड, महावीर स्थान से गौशाला तक निकली जाएगी। श्री भागवत कथा ज्ञानयज्ञ कार्यक्रम 6 सितंबर को सुखदेव जी का आगमन, कपील देव भगवान एवं ध्रुव चरित्र, 7 सितंबर को जड़ भरत कथा नाम महिमा एवं वामन भगवान का अवतार, 8 सितंबर को श्री राम अवतार एवं राम विवाह, 9 सितंबर को श्री कृष्ण जन्मोत्सव, 10 सितंबर को बाल लीला एवं गोवर्धन पूजा छप्पन भोग, 11 सितंबर को महारास रूपमणी विवाह, 12 सितंबर को सुदामा चरित्र, परीक्षित मोक्ष एवं कथा पूर्णाहुति 13 सितंबर हवन एवं महाप्रसाद का आयोजन किया गया है।