हटन रोड को जाम मुक्त नहीं कर सके मेयर को देना चाहिए अपने पद से इस्तीफा – प्रसेनजीत पोईतांडी
आसनसोल । नगर निगम की तरफ से यह घोषणा की गई थी कि गुरुवार हटन रोड के किनारे जो अवैध रूप से दुकाने बनी हुई है, उनको हटाया जाएगा। इसे लेकर यह घोषणा की गई थी कि गुरुवार को अभियान चलाया जाएगा। दुकानदारों ने खुद से ही दुकानों को हटाने का काम भी शुरू कर लिया था। लेकिन निगम की तरफ से कोई अभियान नहीं चलाया गया। इसे लेकर कांग्रेस नेता प्रसेनजीत पोईतांडी ने नगर निगम पर करारा हमला किया। उन्होंने सवाल किया कि आसनसोल के विकास को लेकर कोलकाता के कुछ नेता हस्तक्षेप क्यों कर रहे हैं। आसनसोल के लोग कोलकाता के बारे में जब कोई बात नहीं करते तब कोलकाता के लोगों को आसनसोल के विकास को लेकर बोलने का क्या अधिकार है। उन्होंने कहा कि मेयर द्वारा हटन रोड को अतिक्रमण मुक्त करने की बात कही गई थी, जिसका कांग्रेस ने समर्थन किया था। कांग्रेस की तरफ से यह फैसला लिया गया था कि आज अगर वहां से अतिक्रमण हटा लिया जाता है तो कल जाकर मेयर को सम्मानित किया जाता। लेकिन देखा गया कि किसी कारण की वजह से मेयर यह काम नहीं कर पाए। एक छोटे भैया श्रमिक नेता को मैदान में उतार दिया गया, जिसने आसनसोल के विकास को रोक दिया। उन्होंने कहा कि हटन रोड बेहद महत्वपूर्ण सड़क है। उसे सड़क से आसनसोल जिला अस्पताल जाया जा सकता है, उसे सड़क के किनारे चार स्कूल हैं वहां पर बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। कई फ्लैट वहां पर है अगर किसी फ्लैट में आग लग गई तो जो जाम लगता है, उसकी वजह से दमकल की गाड़ी नहीं पहुंच पाएगी। उन्होंने कहा कि मेयर द्वारा अपने सभी पदाधिकारी से सलाह करके यह फैसला लिया गया था कि हटन रोड को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। लेकिन वास्तव में देखा गया कि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। मेयर खुद मैदान में उतरे थे, लेकिन वह कार्य को अंजाम तक नहीं पहुंच पाए। उन्होंने कहा कि मेयर को यह फैसला लेना है कि अभी भी वह कोलकाता के नेताओं की गुलामी करने के लिए चेयर पर बने रहेंगे या अपना पद छोड़ देंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा की आसनसोल में सांसद, विधायक, पार्षद टीएमसी के हैं ,इसके बावजूद नगर निगम विकास कार्य नहीं कर पा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि आने वाले 2026 विधानसभा चुनाव में आसनसोल की जनता इसका जवाब जरूर देगी।












