यौनकर्मियों के अधिकारों के प्रति जागरूकता लाने के लिए मेगा लीगल कैंप का किया गया आयोजन
आसनसोल। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पश्चिम बर्दवान की ओर से आसनसोल के रवींद्र भवन में गुरुवार को “मेगा लीगल जागरूकता कैंप” का आयोजन किया गया। इस कैंप के आयोजन में आसनसोल दरबार समिति ने सहयोग किया है। पूरा कैंप राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण पश्चिम बंगाल और दरबार महिला समाधान समिति की देखरेख में आयोजित किया गया है। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कैंप का उद्घाटन किया।
इस कार्यक्रम में यौनकर्मियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। इस संदर्भ में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव अर्नब घोषाल ने कहा कि राज्य सरकार यौनकर्मियों को कई तरह की सुविधाएं देती है। उनके लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। लेकिन ज्यादातर मामलों में सेक्स वर्करों को इन योजनाओं की जानकारी नहीं होती। जिसके कारण उन्हें उन चीजों का लाभ नहीं मिल पाता। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम के दौरान यौनकर्मियों को राज्य की योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्हें यह भी बताया गया है कि वे इन योजनाओं का लाभ कैसे उठा सकती हैं।
उन्होंने बताया कि बुधवार को राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम ने कुल्टी के नियामतपुर स्थित लछीपुर के यौन पल्ली का दौरा किया। संस्था के अध्यक्ष ने वहां यौनकर्मियों के बच्चों के लिए चलाए जा रहे स्कूल को कुछ किताबें दीं। उन्होंने उनसे हर विषय पर बात की। हमें उम्मीद है कि यौनकर्मी जागरूक होंगी और ऐसे शिविरों से उन्हें लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में आसनसोल अनुमंडल अधिकारी विश्वजीत भट्टाचार्य सहित अन्य लोग मौजूद थे।












