बर्नपुर(भरत पासवान)। शिल्पांचल के विभिन्न दुर्गापूजा कमेटियों द्वारा दुर्गापूजा आयोजन को लेकर तैयारियां आरम्भ कर दी गई है। वहीं इस्पात नगरी बर्नपुर के एबी टाइप पूजा कमेटी की ओर से दुर्गापूजा के आयोजन को लेकर गुरुवार को गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर खूंटी पूजा का आयोजन किया गया। एबी टाइप पूजा कमेटी द्वारा 47वां दुर्गापूजा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। वहीं पंडाल निर्माण कार्य की शुरूआत गुरुवार को विधिवत ढंग से खूंटी पूजा के साथ हो गया। इस दौरान विधिवत मंत्रोच्चारण और ढाक के धुन पर पूजा सम्पन्न हुआ। सभी ने मां दुर्गा को नमन कर पूजा पंडाल की खूंटी को गाढ़ कर इस विधि को सम्पन्न किया। इस वर्ष त्री मातृ शक्ति के थीम पर भव्य पंडाल को 8 लाख रुपये की बजट से तैयार किया जाएगा। खूंटी पूजन में नरेश अग्रवाल, जगजीत सिंह मक्कड़, शंकर शर्मा, नवल अग्रवाल, पार्षद अशोक रुद्र, क्लब के अध्यक्ष निशिकांत सिंह, चंडी मिश्रा, चंदन मिश्रा सहित अन्य शामिल हुए।