कोयला के ई-ऑक्शन पर फिर शुरू हुई रंगदारी सिंडिकेट
आसनसोल । कोयला के ई-आक्शन पर सिंडिकेट की रंगदारी फिर से शुरू हो गई है। इस कारण ईसीएल में डीओ धारकों ने कोयला लेने में रुचि नहीं दिखाई। जिस कारण रानीगंज, जामुडिया, पांडवेश्वर क्षेत्र में ऑक्शन का पूरा कोयला इस बार नहीं उठा। पांडवेश्वर एरिया के मदारबनी कोलियरी में 1500 टन का ऑक्शन था, लेकिन यहां पर किसी ने आवेदन नहीं किया। सोनपुर बाजारी एरिया में 40 हजार टन ऑक्शन में 10 हजार टन काेयला बच गया। वहीं बंकोला एरिया के शंकरपुर इंक्लाइन में सात हजार टन के ऑक्शन में आधे से भी अधिक कोयला बच गया। जबकि शंकरपुर में पिछले माह पूरा सात हजार टन कोयला उठ गया था। जबकि सोदपुर एरिया जहां पर सिंडिकेट नहीं है, वहां की पारबेलिया कोलियरी में 1000 टन के ऑक्शन में पूरा आक्शन हो गया। ऑक्शन कम होने का कारण है कि इस बार सिंडिकेट की ओर से आक्शन से कोयला लेने वालों को मैसेज दे दिया गया था कि कोयला उठाने पर 1650 रुपये प्रतिटन रंगदारी देना होगा, जिस कारण कुछ डीओ धारक पीछे हट गए। पश्चिम बर्दवान जिला में अवैध कोयला मामले में सीबीआइ की ओर से कई कोयला माफियाओं पर मामला दर्ज किया है, यह मामला अभी अदालत में चल रहा है। सीबीआइ मामले के बाद कोयले के अवैध खनन पर कुछ लगाम लगी है। लेकिन कोयला माफियाओं के सिंडिकेट ने अब ईसीएल के उत्पादित कोयला पर ही नजर गड़ा दी है। रानीगंज, जामुडिया, पांडवेश्वर क्षेत्र में ईसीएल के उत्पादित कोयला की चोरी के साथ ही कोयला माफियाओं का सिंडिकेट रंगदारी भी वसूल कर रहा है। पांडवेश्वर क्षेत्र में पिछले माह रंगदारी न देने पर एक डीओ धारक की पिटाई कर दी गई थी, इसे लेकर थाना में मामला भी दर्ज किया गया था।
