आसनसोल बाजार के नालों की साफ सफाई को लेकर मेयर को शंभूनाथ झा ने दिया पत्र
आसनसोल। आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभू नाथ झा ने गुरुवार को निगम के मेयर विधान उपाध्याय को एक पत्र देकर उनका ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने पत्र में लिखा है कि बार बार आसनसोल शहर की भयावह स्थिति की ओर ले जाने के बावजूद भी निगम के अधिकारी कुम्भकरन की तरह सोये हुए हैं । चंद घंटों की बरसात ही नगर निगम के कार्यों के उपर प्रश्न चिन्ह खड़ा कर दिया है । क्या अब भी अपनी नाकामी को छुपाने के लिए कोई दलील प्रस्तुत करेंगें ? चंद लोग जो आसनसोल शहर के नालों के उपर अतिक्रमण कर बैठे हुए हैं आप उन्हें न हटाकर आसनसोल बाजार के व्यवसाईयों का लाखों का नुक्सान करा रहें हैं ।
क्या हमारा नगर निगम इतना लाचार हो गया है कि शहर की नालों की सफाई कराने के लिए कुछ फुटपाथ के दुकानदारों को कुछ समय के लिए हटा नहीं सकता है । हमलोग कहते-कहते थक गयें हैं लेकिन आज तक नगर निगम सजग नहीं हुई है । आज एक बार पुनः अनुरोध कर रहा हूं सजग होइए नहीं तो आसनसोल बाजार का भविष्य अंधकारमय होने से कोई नहीं रोक सकता है । दुकानदार पलायन कर रहें हैं और ये बाजार नहीं अतिक्रमण का शहर बनने जा रहा है । जिसका जिम्मेदार आसनसोल नगर निगम बनेगा और कोई नहीं। इस पत्र की कॉपी पश्चिम बर्दवान जिला अधिकारी को भी दी गई है।


















